देश

उत्तर प्रदेश: 18 साल की लड़की की ट्रेन में दम घुटने से मौत, जनरल कोच की भीड़ के बीच नहीं ले पाई सांस

युवती परिवार के साथ दिल्ली जा रही थी. ट्रेन में काफी भीड़ थी, जिस वहज से उसकी तबीयत खराब हुई और वह सांस नहीं ले पाई. झांसी रेलवे स्टेशन पर उतार कर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

उत्तर प्रदेश: 18 साल की लड़की की ट्रेन में दम घुटने से मौत, जनरल कोच की भीड़ के बीच नहीं ले पाई सांस
प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credit_PTI)

सम्पर्क क्रांति एक्सप्रेस (Sampark Kranti Express) के जनरल कोच में एक युवती सीता (18) की दम घुटने से मौत हो गई. युवती परिवार के साथ दिल्ली जा रही थी. ट्रेन में काफी भीड़ थी, जिस वहज से उसकी तबीयत खराब हुई और वह सांस नहीं ले पाई. झांसी (Jhansi) रेलवे स्टेशन पर उतार कर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ट्रेन में चढ़ने के बाद से ही युवती की तबीयत खराब होने लगी थी. कई बार उसने पिता से ट्रेन से नीचे उतरने की बात भी कही. लेकिन भीड़ ज्यादा होने के कारण वह ऐसा नहीं कर सके.

ज्यादा तबियत ख़राब होने पर युवती बेहोश भी हो गई थी. इस घटनाक्रम के घटने तक ट्रेन आगरा को पार कर चुकी थी. ग्वालियर और झांसी के बीच युवती की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई. युवती के फिर से बेहोश होने पर कड़ी मशक्कत के बाद आनन-फानन में उसे झांसी रेलवे स्टेशन पर उतारा गया. जहां से एम्बुलेंस द्वारा अस्पताल ले जाया गया. लेकिन अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने युवती को मृत घोषित कर दिया.

यह भी पढ़ें- उत्तर प्रदेश: पशुपालन विभाग भर्ती घोटाला मामले में निदेशक समेत छह बड़े ऑफिसर निलंबित, सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा- किसी को भी कानून से खेलने नहीं देंगे

जीआरपी प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार ने बताया कि मृतका बीमार थी. शायद भीड़ ज्यादा होने की वजह से वह सांस नहीं ले सकी और बेहोश हो गई. इसके बाद उसकी मौत हो गई. मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ही सामने आएगा. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. युवती के पिता रामप्रकाश अहिरवार दिल्ली में मजदूरी करते हैं. शुक्रवार की रात वह घर जाने के लिए ट्रेन में सवार हुए थे. जनरल कोच में खासी भीड़ होने के बाद भी वह उसमे सवार हो गए.

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 02, 2019 07:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).