देश

Uttar Pradesh: बीजेपी के साथ सपा और बसपा पर जमकर बरसीं प्रियंका गांधी, की ये बड़ी घोषणाएं

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने योगी के गढ़ गोरखपुर में प्रतिज्ञा रैली की. इस दौरान उन्होंने योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा. रविवार को गोरखपुर में कांग्रेस की प्रतिज्ञा रैली में अपने संबोधन की शुरुआत भोजपुरी में करते हुए प्रियंका गांधी वाद्रा ने सत्तारूढ़ बीजेपी पर निशाना साधा और कहा कि ‘‘धर्म और जाति के नाम पर आपकी भावनाओं और आपकी आस्था के साथ खिलवाड़ किया गया है.’’

Uttar Pradesh: बीजेपी के साथ सपा और बसपा पर जमकर बरसीं प्रियंका गांधी, की ये बड़ी घोषणाएं
प्रियंका गांधी (Photo Credits ANI)

लखनऊ: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) ने योगी के गढ़ गोरखपुर में प्रतिज्ञा रैली की. इस दौरान उन्होंने योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा. रविवार को गोरखपुर में कांग्रेस की प्रतिज्ञा रैली में अपने संबोधन की शुरुआत भोजपुरी में करते हुए प्रियंका गांधी वाद्रा ने सत्तारूढ़ बीजेपी पर निशाना साधा और कहा कि ‘‘धर्म और जाति के नाम पर आपकी भावनाओं और आपकी आस्था के साथ खिलवाड़ किया गया है.’’ दल-बदलू लोगों के इस पार्टी से उस पार्टी में जाने से किसी का जनाधार बढ़ने वाला नहीं: अध्यक्ष मायावती.

उन्होंने कहा, ‘‘इस सच्चाई को पहचानिये कि एक नेता का सबसे बड़ा धर्म सेवा होता है. आज सरदार पटेल का जन्मदिन और इंदिरा (गांधी) जी जैसी नेता का शहादत दिवस है. इंदिरा जी ने आपको दिखाया कि उनके लिए देश से बड़ा कोई नहीं. जो आस्था आपने उनमें रखी उसी आस्‍था के लिए उन्होंने अपना जीवन दे दिया.''

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने रविवार को अखिलेश यदा की अगुवाई वाली समाजवादी पार्टी  और मायावती की बहुजन समाज पार्टी (बसपा) पर आरोप लगाया कि यह पुरानी पार्टी भारतीय जनता पार्टी के साथ मिलीभगत कर रही है. उन्होंने कहा कि वह मरना पसंद करेंगी, लेकिन बीजेपी के साथ किसी भी तरह का गठजोड़ नहीं करेंगी.

प्रियंका गांधी ने गृह मंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा, ‘‘अमित शाह (केंद्रीय गृह मंत्री) का कल भाषण सुन रही थी, अमित शाह कह रहे थे कि उत्तर प्रदेश में अब अपराधियों को दूरबीन लेकर ढूंढना पड़ता है, लेकिन उनके साथ कौन खड़ा था, अजय मिश्रा टेनी (गृह राज्य मंत्री), मैं कह रही हूं दूरबीन छोड़िए, चश्मा लगाइए, क्या गरीब की कोई सुनवाई नहीं है.’’

प्रियंका गांधी वाड्रा ने कांग्रेस की सरकार बनने पर महिलाओं को सरकारी बस में मुफ्त यात्रा और आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं को कम से कम दस हजार रुपये का मानदेय देने की घोषणा प्रियंका गांधी ने रविवार को कहा कि कांग्रेस की सरकार आने पर मछली पालन को कृषि का दर्जा दिया जाएगा और मछली पालन तथा बालू खनन में निषादों को उनका अधिकार वापस दिया जाएगा.

इंदिरा गांधी को याद करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा, ‘‘जब हम स्कूल जाते थे तो उनसे मिलकर जाते थे, आज ही के दिन उन्होंने मेरे भाई से कहा कि अगर मुझे कुछ हो जाएगा तो रोना मत. वह जानती थीं कि उनकी हत्‍या हो जाएगी लेकिन वह कभी पीछे नहीं हटीं क्योंकि उनके लिए देश और आपकी आस्था से बढ़कर कुछ नहीं था. अगर आज मैं आपके सामने खड़ी हूं तो यह उन्‍हीं की सीख है, मैं कभी आपकी आस्‍था नहीं तोड़ सकती हूं.''

प्रियंका गांधी वाद्रा ने, ‘‘मैं कांग्रेस की प्रतिज्ञा उसी आस्था से रखना चाहती हूं, मैं कहना चाहती हूं कि जो प्रतिज्ञा है वह पूरी होगी, अगर हमारी सरकार आएगी तो मछली पालन को कृषि का दर्जा दिया जाएगा. जो सुविधाएं और छूट कृषि के लिए हैं वह सब मछली पालन में लागू होंगी. बालू खनन और मछली पालन में निषाद समाज को उनका अधिकार वापस दिया जाएगा.’’

प्रियंका गांधी ने सरकार बनने पर हर साल तीन सिलेंडर मुफ्त देने का भी वादा किया. इसके अलावा बीमारी में दस लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज का भी वचन दिया. उन्होंने गुरु गोरक्षनाथ के गुरु, गुरु मत्स्येंद्र नाथ के नाम पर विश्वविद्यालय की स्थापना की घोषणा करते हुए किसानों का पूरा कर्ज माफ करने, गेहूं और धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2500 रुपये प्रति क्विंटल, गन्‍ना मूल्‍य 400 रुपये प्रति क्विंटल, 20 लाख युवाओं को नौकरी देने, 12वीं पास छात्राओं को स्मार्ट फोन और मोबाइल तथा स्नातक पास छात्राओं को स्‍कूटी दिये जाने का हाल में दिये वचन को दोहराया.

उन्होंने साथ ही कहा कि कांग्रेस 40 फीसद महिलाओं को विधानसभा चुनाव में टिकट देगी. उन्होंने इसके अलावा वादा किया कि कांग्रेस की सरकार बनी तो अन्ना पशुओं (छुट्टा जानवरों) की समस्या का पूर्ण समाधान किया जाएगा.

उन्होंने कहा, ‘‘कुछ लोग बीजेपी से मिले होने का आरोप लगाते हैं लेकिन मैं इस मंच से कह रही हूं कि मर जाऊंगी, जान दे दूंगी, लेकिन कभी भाजपा से मिलावट नहीं करुंगी.’’ प्रियंका गांधी ने कहा कि कबीर दास कहते थे कि ‘साईं इतना दीजिए जामें कुटुंब समाय’ लेकिन बीजेपीकी मंशा यह है कि जनता से लूट लूट कर पूंजीपतियों को पहुंचाएं, महंगाई इतना बढ़ाओ कि जनता त्राहि-त्राहि चिल्‍लाए.

उन्होंने कहा, ‘‘ये कहते हैं कि 70 साल में कांग्रेस ने क्या किया, मैं कहती हूं 70 साल में जो कांग्रेस ने बनाया उसे सात वर्षों में इन लोगों ने बेच दिया.’’ उन्होंने राज्य में गरीबों, पिछड़ों, बुनकरों, किसानों, महिलाओं, दलितों और ब्राह्मणों के उत्पीड़न का मुद्दा उठाया.

(The above story first appeared on LatestLY on Oct 31, 2021 04:45 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).