देश

Telangana: पिता के सामने बेटी हुई किडनैप, जबरदस्ती खींचकर कार में बिठाया (Watch Video)

तेलंगाना के राजन्ना सिरसिला जिले में अज्ञात लोगों ने मंगलवार को एक 18 वर्षीय लड़की का अपहरण कर लिया.

Telangana: पिता के सामने बेटी हुई किडनैप, जबरदस्ती खींचकर कार में बिठाया (Watch Video)
तेलंगाना किडनैपिंग (Photo: ANI)

तेलंगाना (Telangana) के राजन्ना सिरसिला जिले में अज्ञात लोगों ने मंगलवार को एक 18 वर्षीय लड़की का अपहरण कर लिया. पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई जिसका फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. घटना चंदुर्थी मंडल के मुदेपल्ले गांव की है. अपहरणकर्ताओं में से एक, जिसने अपना चेहरा छिपाने के लिए कपड़ा बांध रखा था, लड़की को कार की ओर घसीटता हुआ और वाहन की पिछली सीट पर धकेलता हुआ वीडियो में दिखाई दे रहा है. बचाने के लिए आए लड़की के पिता को अपहरणकर्ताओं ने धक्का दे दिया और लड़की को लेकर फरार हो गए.

कुछ सेकंड बाद, लड़की के पिता कार का पीछा करने के लिए अपनी मोटरसाइकिल पर निकलते हुए दिखाई देते हैं. हालांकि, उनका प्रयास विफल रहा. बाद में उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने कहा कि उन्होंने लड़की का पता लगाने के लिए स्पेशल टीमों का गठन किया है. जांच अधिकारी कार का पता लगाने के लिए क्षेत्र में राजमार्ग से सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं.

लड़की के परिवार को उसी गांव के एक युवक के. जॉन की संलिप्तता का संदेह है. ग्रामीणों के मुताबिक आरोपी एक साल पहले किशोरी को लेकर फरार हो गया था. लड़की के नाबालिग होने के कारण पुलिस ने लड़की के परिवार की शिकायत पर पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया.

बाद में पुलिस आरोपी और लड़की को गांव ले आई और तब से वे एक-दूसरे से नहीं मिले थे. लड़की के घरवालों ने हाल ही में उसकी शादी किसी और से तय कर दी थी.

(The above story first appeared on LatestLY on Dec 20, 2022 02:11 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).