Tamil Nadu Election Result 2026: तमिलनाडु में विजय की पार्टी TVK के सामने CM स्टालिन भी नहीं टिके, कोलाथुर सीट से मिली करारी हार

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों में बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है. मुख्यमंत्री एमके स्टालिन अपनी पारंपरिक सीट कोलाथुर से पीछे चल रहे हैं, जबकि अभिनेता विजय की पार्टी TVK ने राज्य की राजनीति में धमाकेदार एंट्री की है.

(Photo Credits FB)

Tamil Nadu Election Result 2026:  तमिलनाडु की राजनीति में आज एक ऐसा ऐतिहासिक उलटफेर हुआ है जिसने दशकों पुराने द्रविड़ किलों को हिला कर रख दिया है. 2026 के विधानसभा चुनाव परिणामों में मुख्यमंत्री और द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) के दिग्गज नेता एमके स्टालिन को अपनी पारंपरिक सीट कोलाथुर से हार का सामना करना पड़ा है. अभिनेता से नेता बने जोसेफ विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) के उम्मीदवार वीएस बाबू ने मुख्यमंत्री को कड़े मुकाबले में पराजित किया है.

कोलाथुर का अजेय किला ढहा

कोलाथुर विधानसभा सीट, जहां से एमके स्टालिन 2011 से लगातार जीतते आ रहे थे, वहां इस बार जनता ने नए विकल्प को चुना है. मतगणना के अंतिम आंकड़ों के अनुसार, TVK के वीएस बाबू ने मुख्यमंत्री स्टालिन को भारी मतों के अंतर से शिकस्त दी. शुरुआती रुझानों से ही स्टालिन पिछड़ रहे थे, और अंत में यह हार DMK के लिए एक बड़ा राजनीतिक झटका साबित हुई. जानकारों का मानना है कि सत्ता विरोधी लहर और युवाओं के बीच विजय के क्रेज ने इस नतीजे को संभव बनाया.  यह भी पढ़े:  Tamil Nadu Election Results 2026: थलपति विजय की पार्टी TVK की ऐतिहासिक बढ़त; जन्मदिन पर विजय के घर पहुंचीं तृषा कृष्णन (Watch Video)

'थलापति' विजय की पार्टी ने चौंकाया

पहली बार चुनावी मैदान में उतरी विजय की पार्टी TVK ने राज्य भर में धमाकेदार प्रदर्शन किया है. चुनाव आयोग के रुझानों के मुताबिक, TVK अकेले 118 के बहुमत के आंकड़े को छूती नजर आ रही है. पार्टी की इस लहर ने न केवल सत्ताधारी DMK बल्कि मुख्य विपक्षी दल AIADMK को भी हाशिए पर धकेल दिया है. विजय ने अपनी रैलियों में 'भ्रष्टाचार मुक्त शासन' और 'तमिल गौरव' का जो मुद्दा उठाया था, वह मतदाताओं को लुभाने में सफल रहा.

द्रविड़ राजनीति के नए युग की शुरुआत

इस चुनाव परिणाम ने तमिलनाडु में पिछले 50 वर्षों से चले आ रहे DMK और AIADMK के द्विध्रुवीय प्रभुत्व को चुनौती दी है.

हार के कारण और आगामी समीकरण

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, एमके स्टालिन की हार के पीछे स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक नाराजगी और नए मतदाताओं का द्रविड़ राजनीति के पुराने ढर्रे से ऊबना प्रमुख कारण है. वहीं, अभिनेता विजय ने एमजीआर (MGR) की विरासत को अपनाकर खुद को एक सशक्त विकल्प के रूप में पेश किया.

फिलहाल राज्य में उत्सव का माहौल है और TVK के समर्थक इसे 'तमिलनाडु का नया सवेरा' बता रहे हैं. एमके स्टालिन की इस व्यक्तिगत हार के बाद अब DMK के भीतर नेतृत्व और भविष्य की रणनीति को लेकर बड़े सवाल उठने लगे हैं.

Share Now