Sangli News: महाराष्ट्र के सांगली में दंपती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, जहरीला पदार्थ खाने की आशंका
महाराष्ट्र के सांगली जिले के पलूस शहर में एक दंपति की संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई. 58 वर्षीय बालासाहेब कदम और उनकी 46 वर्षीय पत्नी उषा कदम की एकाएक हुई मौत से इलाके में हड़कंप मच गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
Sangli News: महाराष्ट्र के सांगली जिले के पलूस शहर से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है. पलूस में रहने वाले एक दंपती की संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई. मृतक पति की पहचान 58 वर्षीय बालासाहेब मुरलीधर कदम के रूप में हुई है, जिनकी सोमवार को अपने आवास पर मृत्यु हो गई. वहीं, उनकी 46 वर्षीय पत्नी उषा बालासाहेब कदम ने मंगलवार को सांगली के सिविल अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. इस घटना की जानकारी उनके बेटे अजय कदम ने पुलिस को दी.
गृह क्लेश के कारण कदम उठाया जाना संदिग्ध
बालासाहेब कदम और उनकी पत्नी उषा पलूस में अकेले रहते थे, जबकि उनका बेटा अजय कदम कागल में अलग रहता है. पुलिस की प्राथमिक जांच के अनुसार, 30 अगस्त को दंपती के बीच किसी पारिवारिक बात को लेकर विवाद हुआ था. माना जा रहा है कि इसी कहासुनी के बाद पत्नी उषा ने विषैला पदार्थ प्राशन कर लिया. इसके तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें पलूस के ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया था.
पत्नी की बिगड़ती हालत देख पति ने उठाया खौफनाक कदम
पत्नी की गंभीर हालत से विचलित होकर 31 अगस्त को बालासाहेब कदम ने भी जहरीला पदार्थ खा लिया. जब उनका बेटा अजय कदम घर पहुंचा, तो उसने अपने पिता को बेहोश पाया और उनके मुंह से झाग निकल रहा था. परिजनों और पड़ोसियों की मदद से उन्हें तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
उधर, उषा कदम की हालत भी लगातार बिगड़ रही थी. डॉक्टरों की सलाह पर सोमवार को उन्हें बेहतर इलाज के लिए सांगली के सिविल अस्पताल रेफर किया गया. हालांकि, तमाम प्रयासों के बावजूद मंगलवार को डॉक्टरों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया.
पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटनास्थल से सफेद तरल पदार्थ के अंश और तेज गंध पाई गई है. पुलिस इस बात की गहनता से पड़ताल कर रही है कि दंपती ने यह कदम पारिवारिक विवाद, आर्थिक तंगी या किसी अन्य व्यक्तिगत कारण से उठाया.
दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आने के बाद ही मौतों के सटीक कारणों की पुष्टि हो सकेगी. पलूस पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है.