Punjab Student Suicide: अमृतसर में 20,000 रुपये फीस के लिए कथित प्रताड़ना से तंग आकर 17 वर्षीय छात्रा ने दी जान, स्कूल प्रबंधन पर प्राथमिकी दर्ज
प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: File Image)

अमृतसर, 2 जून: पंजाब (Punjab) के अमृतसर (Amritsar) जिले से एक बेहद दुखद और झझकोर देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक 12वीं कक्षा की 17 वर्षीय छात्रा ने अपने घर पर कोई जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या (Suicide) कर ली. परिजनों का आरोप है कि स्कूल प्रबंधन द्वारा बकाया फीस को लेकर छात्रा को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित और अपमानित किया जा रहा था, जिससे तंग आकर उसने यह आत्मघाती कदम उठाया. स्थानीय पुलिस ने इस मामले में स्कूल प्रशासन के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने (Abetment to Suicide) का मामला दर्ज कर लिया है और घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है. यह भी पढ़ें: VIDEO: एमपी के नर्मदापुरम में सर्वाइट कॉन्वेंट स्कूल की 10वीं की छात्रा ने फांसी लगाकर दी जान, पढ़ाई के दबाव में आत्महत्या की आशंका

20,000 रुपये बकाया फीस के लिए अपमानित करने का आरोप

मृतक छात्रा की पहचान अमृतसर निवासी अमजोत कौर औलख के रूप में हुई है. वह फतेहगढ़ चूडियां में स्थित 'डिसिप्लिन्ड डिसाइपल इंटरनेशनल स्कूल' (Disciplined Disciple International School) की छात्रा थी। परिवार के सदस्यों के अनुसार, अमजोत पिछले कुछ समय से गंभीर मानसिक तनाव में थी, क्योंकि स्कूल प्रशासन की ओर से उस पर 20,000 रुपये की लंबित स्कूल फीस जमा करने का भारी दबाव बनाया जा रहा था.

पीड़ित परिवार ने मीडिया को बताया कि स्कूल के अधिकारियों द्वारा बार-बार दी जा रही मानसिक यातनाओं का बच्ची के मानसिक स्वास्थ्य पर बहुत बुरा असर पड़ा था. मृतका की मौसी (Maternal Aunt) सरबजीत कौर ने बताया कि 22 मई को स्कूल प्रबंधन ने बकाया राशि के संबंध में अमजोत को विशेष रूप से तलब किया था और कथित तौर पर प्रताड़ित किया था. उसी दिन बाद में, इस अपमानजनक स्थिति से आहत होकर उसने अपने घर पर जहरीला पदार्थ खा लिया.

पंजाब के शिक्षा मंत्री ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

इस हृदयविदारक घटना पर राज्य सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है. पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर एक वीडियो संदेश जारी कर इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और जनता को आश्वासन दिया कि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कहा, "यह बेहद दुखद समाचार है कि एक 17 वर्षीय लड़की ने आत्महत्या कर ली है, जिसमें उसने स्कूल प्रबंधन पर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं. फीस न देना या अन्य कोई भी कारण इसके पीछे हो सकता है। मामले को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए, हमने आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है और स्कूल अधिकारियों के साथ-साथ इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं." यह भी पढ़ें: Mumbai Shocker: बॉम्बे IIT के छात्र ने हॉस्टल की बिल्डिंग के 10वें फ्लोर से छलांग लगाकर की आत्महत्या, कॉलेज में मचा हड़कंप

पुलिस जांच जारी; साक्ष्य खंगालने में जुटी टीमें

अमृतसर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने पुष्टि की है कि स्कूल के आचरण की समीक्षा करने और परिवार द्वारा दिए गए बयानों को सत्यापित करने के लिए कानूनी प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है. पुलिस स्कूल के सीसीटीवी फुटेज और संबंधित रिकॉर्ड को अपने कब्जे में लेकर जांच कर रही है कि घटना वाले दिन स्कूल परिसर में छात्रा के साथ किस तरह का व्यवहार किया गया था.

मानसिक स्वास्थ्य और आत्महत्या रोकथाम हेल्पलाइन नंबर: यदि आप या आपके जानने वाले किसी भी प्रकार के मानसिक तनाव, अवसाद या संकट से गुजर रहे हैं, तो कृपया नीचे दिए गए हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं. आपकी पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाती है:

  • टेली मानस (स्वास्थ्य मंत्रालय) – 14416 या 1800 891 4416
  • निमहंस (NIMHANS) – 080-46110007
  • वंद्रेवाला फाउंडेशन – 9999 666 555
  • आईकॉल (iCALL) – 022-25521111 और 9152987821