VIDEO: 'खड़गे जी के लिए अलग कुर्सी क्यों?': कांग्रेस के अहमदाबाद इवेंट का वीडियो वायरल, बीजेपी ने कांग्रेस को बताया दलित विरोधी
गुजरात के अहमदाबाद में हुए कांग्रेस के एक कार्यक्रम का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. इस वीडियो को लेकर बीजेपी ने कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला है.
Mallikarjun Kharge Viral Video: गुजरात के अहमदाबाद में हुए कांग्रेस के एक कार्यक्रम का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. इस वीडियो को लेकर बीजेपी ने कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला है. दरअसल, वीडियो में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को बाकी नेताओं से अलग एक कुर्सी पर बैठे देखा जा रहा है, जबकि सोनिया गांधी, राहुल गांधी और अंबिका सोनी एक ही सोफे पर साथ बैठे हैं. ये वीडियो अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के एक कार्यक्रम का है, जिसमें कई दिग्गज नेता शामिल हुए थे.
शुरुआत में खड़गे खड़े दिखाई देते हैं और फिर अंबिका सोनी को सोफे पर बैठने के लिए आमंत्रित करते हैं. इसके बाद खड़गे खुद पास रखी अलग कुर्सी पर बैठ जाते हैं. इसी बात को लेकर बीजेपी ने कांग्रेस पर दलित नेता का अपमान करने का आरोप लगाया है.
'खड़गे जी के लिए अलग कुर्सी क्यों?'
पहले खड़गे जी का सम्मान करना सीखो। वह कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। उनकी कुर्सी किनारे पर लगाने का क्या मतलब था? यह साफ़ दर्शाता है कि कांग्रेस दलित विरोधी है। https://t.co/cPtZUJXUFB pic.twitter.com/6u4kZYxcsN
— Amit Malviya (@amitmalviya) April 9, 2025
'पहले खड़गे जी का सम्मान करना सीखिए'
बीजेपी आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, "पहले खड़गे जी का सम्मान करना सीखिए. वो कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं. अलग कुर्सी पर क्यों बैठाया गया? ये साफ दिखाता है कि कांग्रेस दलित विरोधी है." मालवीय ने राहुल गांधी के एक पुराने पोस्ट को कोट करते हुए ये बात कही, जिसमें राहुल ने बीजेपी पर दलितों का अपमान करने और संविधान पर हमला करने का आरोप लगाया था.
कांग्रेस का असली चेहरा यही है: BJP
तेलंगाना बीजेपी के प्रवक्ता तुल्ला वीरेंद्र गौड़ ने भी राहुल पर निशाना साधते हुए कहा, "राहुल गांधी, अपनी पार्टी के दलित अध्यक्ष को अलग कुर्सी पर बैठाकर बराबरी की बातें करना बंद कीजिए. कांग्रेस का असली चेहरा यही है कि दलित नेताओं को मंच पर भी अपमानित करना और फिर संविधान की दुहाई देना."
खड़गे ने केंद्र पर लगाया गंभीर आरोप
इस बीच कार्यक्रम में खड़गे ने केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार हर जगह दखल दे रही है और लोकतंत्र को कमजोर कर रही है. उन्होंने EVM पर भी सवाल उठाए और कहा कि कई विकसित देश अब बैलेट पेपर पर लौट चुके हैं.
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 09, 2025 04:18 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

