रामलीला मैदान से पीएम मोदी ने कांग्रेस समेत पूरे विपक्ष को घेरा, कहा- देश के मुसलमानों का CAA से कोई लेना-देना नहीं, जनता अफवाह फैलाने वालों को पहचाने
पीएम ने कहा, नागरिकता संशोधन कानून भारत के किसी नागरिक के लिए, चाहे वो हिंदू हो या मुसलमान, के लिए है ही नहीं. ये संसद में बोला गया है. ये कानून का इस देश के अंदर रह रहे 130 करोड़ लोगों से कोई वास्ता नहीं है.
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने दिल्ली के रामलीला मैदान (Ramlila Maidan) एक विशाल रैली को संबोधित किया. इस दौरान पीएम मोदी ने नागरिकता कानून को लेकर देशभर में मचे बवाल पर जनता के सामने अपनी बात रखी. पीएम ने कहा, नागरिकता संशोधन कानून भारत के किसी नागरिक के लिए, चाहे वो हिंदू हो या मुसलमान, के लिए है ही नहीं. ये संसद में बोला गया है. ये कानून का इस देश के अंदर रह रहे 130 करोड़ लोगों से कोई वास्ता नहीं है. पीएम ने कहा, महात्मा गांधी ने कहा था कि पाकिस्तान में रहने वाले हिंदू और सिख साथियों को जब लगे कि उन्हें भारत आना चाहिए तो उनका स्वागत है. ये रियायत तब की भारत की सरकार के वादे के मुताबिक है.
पीएम ने विपक्ष पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि देश को डर और अराजकता के माहौल में धकेलने की साजिश हो रही है. देश भा में हो रहे उग्र प्रदर्शन पर पीम मोदी ने कहा, मेरा पुतला जला लो, लेकिन संपत्ति जलाने की जरूरत नहीं है. पीएम ने कहा, नागरिकता संशोधन बिल के पास होने के बाद कुछ राजनीतिक दल तरह-तरह की अफवाहें फैलाने में लगे हैं, लोगों को भ्रमित कर रहे हैं, भावनाओं को भड़का रहे हैं.
दिल्ली को पता है रिफ्यूजी का दर्द: पीएम मोदी
पीएम ने कहा, रिफ्यूजी का जीवन क्या होता है, बिना कसूर के अपने घरों से निकाल देने का दर्द क्या होता है, ये दिल्ली से बेहतर कौन समझ सकता है. यहां का कोई कोना ऐसा नहीं है, जहां बंटवारे के बाद किसी रिफ्यूजी का और बंटवारे से अल्पसंख्यक बने भारतीय का आंसू ना गिरा हो. ये एक्ट उन लोगों पर लागू होगा जो बरसों से भारत में ही रह रहे हैं. किसी नए शरणार्थी को इस कानून का फायदा नहीं मिलेगा. पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश से धार्मिक प्रताड़ना की वजह से आए लोगों को सुरक्षा देने के लिए ये कानून है.
यह भी पढ़ें- CAA पर बोले नितिन गडकरी- यह कानून किसी भी भारतीय मुसलमान के खिलाफ नहीं, कांग्रेस फैला रही भ्रम.
कांग्रेस फैला रही डर: पीएम मोदी
पीएम ने कहा, कांग्रेस और उसके साथी, शहरों में रहने वाले कुछ पढ़े लिखे नक्सली- अर्बन नक्सल, ये अफवाह फैला रहे हैं कि सारे मुसलमानों को डिटेंशन सेंटर में भेज दिया जाएगा. कुछ तो अपनी शिक्षा की कद्र करिए. एक बार पढ़ तो लीजिए नागरिकता संशोधन एक्ट है क्या. पीएम ने कहा, अब भी जो भ्रम में हैं, मैं उन्हें कहूंगा कि कांग्रेस और अर्बन नक्सलियों द्वारा उड़ाई गई डिटेन्शन सेंटर की अफवाह सरासर झूठ हैं. जो हिंदुस्तान की मिट्टी के मुसलमान हैं, उनसे नागरिकता कानून और NRC दोनों का ही कोई लेना-देना नहीं है. पीएम ने कहा, कुछ लोग CAA को गरीबों के खिलाफ ही बता रहे हैं, कह रहे हैं कि जो लोग आएंगे वो यहां के गरीबों का हक छीन लेंगे.
मुस्लिमों को भ्रमित कर रही कांग्रेस
पीएम मोदी ने कहा, आज जो लोग कागज-कागज, सर्टिफिकेट-सर्टिफिकेट के नाम पर मुस्लिमों को भ्रमित कर रहे हैं, उन्हें ये याद रखना चाहिए कि हमने गरीबों की भलाई के लिए, योजनाओं के लाभार्थी चुनते समय कभी कागजों की बंदिशें नहीं लगाईं. स्कूल बसों पर हमले हुए, ट्रेनों पर हमले हुए, मोटर साइकिलों, गाड़ियों, साइकिलों, छोटी-छोटी दुकानों को जलाया गया है, भारत के ईमानदार टैक्सपेयर के पैसे से बनी सरकारी संपत्ति को खाक कर दिया गया है. इसके बाद इनके इरादे कैसे हैं, ये देश अब जान चुका है.
मोदी का पुतला जलाओ लेकिन देश की संपत्ति नहीं: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, मैं इन लोगों को कहना चाहता हूं कि मोदी को देश की जनता ने बैठाया, ये अगर आपको पसंद नहीं है, तो आप मोदी को गाली दो, विरोध करो, मोदी का पुतला जलाओ. लेकिन देश की संपत्ति मत जलाओं, गरीब की रिक्शा मत जलाओं, गरीब की झोपडी मत जलाओं. पीएम मोदी ने कहा, पुलिस वालों को अपनी ड्यूटी करते समय हिंसा का शिकार होना पड़ रहा है. जिन पुलिसवालों पर ये लोग पत्थर बरसा रहें हैं, उन्हें जख्मी करके आपको क्या मिलेगा? आजादी के बाद 33 हजार से ज्यादा पुलिसवालों ने, शांति के लिए, आपकी सुरक्षा के लिए शहादत दी है.
पुलिस हर संकट में निभाती है साथ
पीएम ने कहा, जब कोई संकट या मुश्किल आती है तो ये पुलिस न धर्म पूछती है न जाति पूछती है, न ठंड देखती है न बारिश देखती है और आपकी मदद के लिए आकर कड़ी हो जाती है. पीएम ने कहा, झूठ बेचने वाले, अफवाह फैलाने वाले इन लोगों को पहचानने की जरूरत है. ये 2 तरह के लोग हैं.
एक वो लोग जिनकी राजनीति दशकों तक वोटबैंक पर ही टिकी रही है. दूसरे वो लोग जिनको इस राजनीति का लाभ मिला है. ये लोग उपदेश दे रहे हैं, लेकिन शांति के लिए एक शब्द बोलने के लिए तैयार नहीं हैं, हिंसा रोकने के लिए एक शब्द बोलने के लिए तैयार नहीं है. इसका मतलब है कि हिंसा को, पुलिस पर हो रहे हमलों को आपकी मौन सहमति है. ये देश देख रहा है.
केजरीवाल सरकार पर भी निशाना
पीएम ने कहा, वोट बैंक की राजनीति करने वाले और खुद को भारत का भाग्य विधाता मानने वाले, आज जब देश की जनता द्वारा नकार दिए गए हैं, तो इन्होंने अपना पुराना हथियार निकाल लिया है. बांटों, भेद करो और राजनीति का उल्लू सीधा करो. पीएम ने इस दौरान केजरीवाल सरकार और कांग्रेस दोनों और जमकर निशाना साधा. पीएम ने कहा, आज दिल्ली में जो राज्य सरकार है, वो यहां की सबसे बड़ी समस्या से आंख मूंद कर बैठी है. ये समस्या है पीने के पानी की.
इन लोगों के अनुसार पूरी दिल्ली में हर जगह बिसलरी जैसा साफ पानी मिलता है. पीएम ने कहा, ये लोग किस तरह अपने स्वार्थ के लिए, अपनी राजनीति के लिए किस हद तक जा रहे हैं, ये आपने पिछले हफ्ते भी देखा है. जो बयान दिए गए, झूठे वीडियो, उकसाने वाली बातें कहीं, उच्च स्तर पर बैठे लोगों ने सोशल मीडिया में डालकर भ्रम और आग फैलाने का गुनाह किया है.
ममता बनर्जी को भी घेरा
पीएम ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी निशाना साधा. पीएम ने कहा, कुछ साल पहले तक यही ममता दीदी संसद में खड़े होकर गुहार लगा रहीं थीं कि बांग्लादेश से आने वाले घुसपैठियों को रोका जाए, वहां से आए पीड़ित शरणार्थियों की मदद की जाए. संसद में स्पीकर के सामने कागज फेंकती थी. दीदी, अब आपको क्या हो गया ? आप क्यों बदल गयी? अब आप क्यों अफवाह फैला रही हों ? चुनाव आते हैं, जाते हैं, सत्ता मिलती है चली जाती है, मगर आप इतना क्यों डरी हो. बंगाल की जनता पर भरोसा करो, बंगाल के नागरिकों को आपने दुश्मन क्यों मान लिया है?
देशवासी आश्वस्त रहें: पीएम मोदी
पीएम ने कहा, CAA का विरोध करने वालों के हाथ में जब ईंट-पत्थर देखता हूं तो मुझे तकलीफ होती है. लेकिन मेरी सोच अलग है. जब उनके हाथ में हिंसा के साधन देखता हूं तो मुझे तकलीफ होती है. लेकिन जब उन्हीं में से कुछ के हाथ में तिरंगा देखता हूं, तो सुकून भी होता है. मुझे पूरा विश्वास है कि एक बार जब हाथ में तिरंगा आ जाता है तो वो फिर कभी हिंसा का, अलगाव का, बांटने की राजनीति का समर्थन नहीं कर सकता.
पीएम ने कहा, मुझे पूरा विश्वास है कि हाथ में थमा यह तिरंगा इन लोगों को हिंसा फैलाने वालों के खिलाफ, हथियार उठाने वालों के खिलाफ, आतंकवादी हमले करने वालों के खिलाफ भी आवाज उठाने के लिये प्रेरित करेगा. पीएम मोदी ने कहा, मैं सभी देशवासियों को कहना चाहता हूं आप आश्वस्त रहिए इन लोगों की साजिशों के बावजूद आपका ये सेवक देश के लिए, देश की एकता के लिए, शांति और सद्भाव के लिए, मुझसे जो भी बन सकेगा उससे मैं कभी पीछे नहीं हटूंगा.
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 22, 2019 03:49 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

