देश

लोकसभा चुनाव 2019: केंद्र की सत्ता से BJP को बेदखल करने के लिए SP-BSP-RLD साथ में करेंगी ताबड़तोड़ रैलियां

अखिलेश यादव, मायावती और चौधरी अजित सिंह की संयुक्त रैलियों का सिलसिला 7 अप्रैल से शुरू होकर 16 मई तक चलेगा.

लोकसभा चुनाव 2019: केंद्र की सत्ता से BJP को बेदखल करने के लिए SP-BSP-RLD साथ में करेंगी ताबड़तोड़ रैलियां
मायावती, अखिलेश यादव और चौधरी अजित सिंह (Photo Credits- PTI/Twitter)

लोकसभा चुनाव 2019 (Lok Sabha Elections 2019) के मद्देनजर उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में महागठबंधन में शामिल समाजवादी पार्टी (SP), बहुजन समाज पार्टी (BSP) और राष्ट्रीय लोकदल (RLD) के शीर्ष नेता अप्रैल के पहले सप्ताह से ताबड़तोड़ संयुक्त रैलियां कर अपने-अपने कार्यकर्ताओं को भारतीय जनता पार्टी (BJP) के खिलाफ एकजुटता का संदेश देंगे. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव और प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने शुक्रवार को बताया कि इस लोकसभा चुनाव में एसपी-बीएसपी-आरएलडी गठबंधन ने अपने प्रत्याशियों की जीत और केंद्र की सत्ता से बीजेपी की बेदखली सुनिश्चित करने के लिए संयुक्त रैलियां करने का फैसला लिया है. उन्होंने कहा कि संयुक्त रैलियों से यह संदेश जाएगा कि गठबंधन में शामिल दलों के कार्यकर्ता एकजुट हैं और वे बीजेपी के 'मुमकिन' को अपने प्रयासों से 'नामुमकिन' में बदलने को तैयार हैं.

चौधरी ने बताया कि एसपी अध्यक्ष अखिलेश यादव, बीएसपी मुखिया मायावती और आरएलडी प्रमुख चौधरी अजित सिंह की संयुक्त रैलियों का सिलसिला नवरात्र के शुभ दिनों में 7 अप्रैल से शुरू होकर 16 मई तक चलेगा. इस दौरान तीनों दलों के शीर्ष नेता 11 रैलियां करेंगे. प्रचार सामग्री और झंडे में इन दलों के नेताओं के चित्र और चुनाव चिह्न संयुक्त रूप से प्रदर्शित किए जाएंगे. उन्होंने बताया कि पहली रैली 7 अप्रैल को देवबंद में होगी. इस संयुक्त रैली में सहारनपुर, कैराना, बिजनौर और मुजफ्फरनगर संसदीय क्षेत्र के कार्यकर्ता शामिल होंगे. जबकि 13 अप्रैल की रैली बदायूं लोकसभा क्षेत्र में होगी. चौधरी ने बताया कि 16 अप्रैल आगरा में होने वाली रैली में आगरा, फतेहपुर सीकरी और मथुरा लोकसभा क्षेत्रों के तीनों दलों के कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे. तीसरी संयुक्त रैली 19 अप्रैल को मैनपुरी संसदीय क्षेत्र में होगी.

बता दें कि मैनपुरी से एसपी ने पार्टी संरक्षक मुलायम सिंह यादव को टिकट दिया है. चर्चा है कि इस रैली में मुलायम भी शामिल हो सकते हैं. हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. एसपी प्रवक्ता ने बताया कि 20 अप्रैल को रामपुर में आयोजित संयुक्त रैली में मुरादाबाद, रामपुर और सम्भल लोकसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे. इसी दिन एक रैली फिरोजाबाद में भी होगी. उन्होंने बताया कि कन्नौज संसदीय क्षेत्र में गठबंधन की संयुक्त रैली 25 अप्रैल को होगी जबकि एक मई को फैजाबाद में होने वाली संयुक्त रैली में बाराबंकी, फैजाबाद और बहराइच लोकसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता शामिल होंगे. इसके अलावा आठ मई को आजमगढ़ में होने वाली रैली में आजमगढ़ और लालगंज लोकसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे.

चौधरी ने कहा कि 13 मई को गोरखपुर, महाराजगंज और कुशीनगर लोकसभा सीटों के लिए संयुक्त रूप से एक रली गोरखपुर में होगी. गठबंधन की अंतिम रैली 16 मई को वाराणसी में होगी. यह रैली संयुक्त रूप से वाराणसी, चंदौली, मिर्जापुर और राबर्ट्सगंज लोकसभा सीटों के लिए होगी. उन्होंने कहा कि एसपी-बीएसपी-आरएलडी के कार्यकर्ता, पदाधिकारी और विधायक, सांसद सभी परस्पर समन्वय के साथ चुनाव प्रचार में जुट गए हैं. सभी का एक ही लक्ष्य है ‘‘लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए बीजेपी को दिल्ली की गद्दी तक पहुंचने से रोकना.’’ यह भी पढ़ें- लोकसभा चुनाव 2019: बीजेपी सांसद साक्षी महाराज का विवादित बयान, कहा- 2019 के बाद 2024 में नहीं होगा कोई इलेक्शन

गौरतलब है कि बिहार और पश्चिम बंगाल के अलावा उत्तर प्रदेश में भी सातों चरण में मतदान होंगे जिनके लिए मतदान 11 अप्रैल से शुरू होगा और 19 मई तक चलेगा. सातों चरण के मतदान संपन्न हो जाने पर वोटों की गिनती 23 मई को एक साथ होगी.

भाषा इनपुट

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 15, 2019 11:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).