लोकसभा चुनाव 2019: चौथे चरण में बिहार में दोपहर 1 बजे तक 32 फीसदी मतदान
बिहार में लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में पांच लोकसभा क्षेत्रों में सोमवार सुबह सात बजे से प्रारंभ हुआ मतदान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जारी है. राज्य के इन सभी सीटों पर अपरान्ह एक बजे तक 32 प्रतिशत से ज्यादा मतदान हो चुका है
पटना: बिहार में लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में पांच लोकसभा क्षेत्रों में सोमवार सुबह सात बजे से प्रारंभ हुआ मतदान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जारी है. राज्य के इन सभी सीटों पर अपरान्ह एक बजे तक 32 प्रतिशत से ज्यादा मतदान हो चुका है. चौथे चरण में बिहार की 40 लोकसभा सीटों में से पांच दरभंगा, उजियारपुर, समस्तीपुर, बेगूसराय और मुंगेर में चुनाव हो रहे हैं. इन क्षेत्रों में मतदान के दौरान 87.92 लाख से ज्यादा मतदाताओं के लिए 8,834 मतदान केंद्र बनाए गए हैं.
राज्य निर्वाचन विभाग के अनुसार, दोपहर एक बजे तक 32.48 प्रतिशत मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके हैं. सबसे अधिक 33.25 प्रतिशत मतदान समस्तीपुर संसदीय क्षेत्र में हुआ है, जबकि सबसे कम बेगूसराय लोकसभा क्षेत्र में 32 प्रतिशत मतदान हुआ है. विभाग के अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजय कुमार सिंह के मुताबिक अभी तक कहीं से कोई बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रारंभ में कुछ मतदान केंद्रों पर ईवीएम खराब होने की सूचना मिली थी, जिन्हें बदल दिया गया है। समस्तीपुर लोकसभा क्षेत्र के कुछ मतदान केंद्रों पर चुनाव बहिष्कार की भी सूचना मिली है. यह भी पढ़े: लोकसभा चुनाव 2019: चौथे चरण में बिहार के बेगूसराय, दरभंगा, उजियारपुर, समस्तीपुर और मुंगेर सीटों पर मतदान जारी, इन दिग्गजों की किस्मत दांव पर
राज्य में पहले चरण में कुल 66 प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे हैं। दरभंगा में मुख्य मुकाबला राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के वरिष्ठ नेता अब्दुल बारी सिद्दिकी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के गोपालजी ठाकुर के बीच है, जबकि उजियारपुर में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय और राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा के बीच मुकाबला है. समस्तीपुर में लोजपा के रामचंद्र पासवान के सामने कांग्रेस के अशोक राम हैं तथा मुंगेर में जनता दल युनाइटेड (जद-यू) के नेता और बिहार के मंत्री ललन सिंह का मुकाबला कांग्रेस की नीलम देवी से है.
बेगूसराय में भाजपा के नेता गिरिराज सिंह, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के कन्हैया कुमार और राजद के तनवीर हसन के बीच कांटे का मुकाबला है. इस चरण के चुनाव को लेकर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं. सभी मतदान केंद्रों पर अर्धसैनिक बलों और बिहार सैन्य बल की तैनाती की गई है. मतदान के लिए 16,000 से ज्यादा मतदान कर्मियों को लगाया गया है.बिहार की 40 लोकसभा सीटों के लिए सभी सात चरणों में मतदान होना है. पहले चरण में 11 अप्रैल को चार लोकसभा क्षेत्रों में तथा दूसरे व तीसरे चरण में पांच-पांच क्षेत्रों में मतदान हो चुका है। मतगणना 23 मई को होगी.
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 29, 2019 02:21 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

