देश

लोकसभा चुनाव 2019: गिरिराज सिंह की बढ़ीं मुश्किलें, विवादित बयान देने पर FIR दर्ज

बेगूसराय में गिरिराज का मुकाबला वामपंथी दलों के साझा उम्मीदवार कन्हैया कुमार से है। बेगूसराय में चौथे चरण के तहत 29 अप्रैल को मतदान होना है।

लोकसभा चुनाव 2019: गिरिराज सिंह की बढ़ीं मुश्किलें, विवादित बयान देने पर FIR दर्ज
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह (Photo Credits: PTI)

बेगूसराय. बिहार के बेगूसराय से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवार गिरिराज सिंह द्वारा दिए गए एक बयान को धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने वाला बताते हुए उनके खिलाफ आदर्श चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन करने का मामला दर्ज किया गया है। सिंह पर आरोप है कि बुधवार को एक चुनावी जनसभा के दौरान उन्होंने अल्पसंख्यकों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला बयान दिया है, जो आदर्श चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन के दायरे में आता है।

बेगूसराय के जिला निर्वाचन पदाधिकारी राहुल कुमार ने मामले में स्वत: संज्ञान लेते हुए गुरुवार को गिरिराज के खिलाफ बेगूसराय के नगर थाना में आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज कराया। अपने बयानों से चर्चा में रहने वाले गिरिराज ने बुधवार को जनसभा में कहा था, "जो वंदेमातरम् नहीं कहेगा, उसे कब्र के लिए तीन हाथ जगह भी नहीं मिलेगी।" यह भी पढ़े-बेगूसराय में गिरिराज सिंह ने दिया विवादित भाषण, कहा- तीन हाथ जमीन चाहिए तो वंदे मातरम बोलना होगा

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि गिरिराज का यह बयान अल्पसंख्यकों की धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने वाला है, जो आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने गिरिराज के खिलाफ जनप्रतिनिधित्व कानून 1951 की धारा 125 एवं 123, भादवि की धारा 153 ए, 153 बी, 295 ए, 171 सी, 188, 298 तथा 505 दो के तहत गुरुवार को नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

बेगूसराय में गिरिराज का मुकाबला वामपंथी दलों के साझा उम्मीदवार कन्हैया कुमार से है। बेगूसराय में चौथे चरण के तहत 29 अप्रैल को मतदान होना है।

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 25, 2019 11:11 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).