देश

पुलवामा आतंकी हमला: जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग में लगातार तीसरे दिन भी कर्फ्यू जारी

जम्मू में लगातार तीसरे दिन रविवार को कर्फ्यू जारी है और इसमें कोई ढील नहीं दी गई है. प्रशासन ने कहा है कि जब तक कानून व्यवस्था की स्थिति में सुधार नहीं हो जाता तब तक कर्फ्यू जारी रहेगा.

पुलवामा आतंकी हमला: जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग में लगातार तीसरे दिन भी कर्फ्यू जारी
जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग कर्फ्यू (Photo Credit- IANS)

जम्मू:  जम्मू में लगातार तीसरे दिन रविवार को कर्फ्यू जारी है और इसमें कोई ढील नहीं दी गई है. प्रशासन ने कहा है कि जब तक कानून व्यवस्था की स्थिति में सुधार नहीं हो जाता तब तक कर्फ्यू जारी रहेगा. एक पुलिस अधिकारी ने कहा, "कुछ छिटपुट घटनाओं को छोड़कर रात के समय स्थिति सामान्य और नियंत्रण में रही." अधिकारी ने कहा, "कानून-व्यवस्था की समीक्षा करने के बाद दिन में इस पर फैसला लिया जाएगा कि कर्फ्यू में ढील दी जाए या नहीं."

शहर की नई बस्ती, बंतालाब, ओमाना और परेड ग्राउंड इलाकों में शनिवार शाम को विरोध प्रदर्शन हुए. सेना ने कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए जम्मू शहर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. पुलवामा आतंकी हमले के विरोध में प्रदर्शन के दौरान शरारती तत्वों द्वारा कश्मीर घाटी के नंबर प्लेट वाले कुछ वाहनों को आग के हवाले कर दिए जाने और अन्य को क्षतिग्रस्त करने के बाद शहर में शुक्रवार को कर्फ्यू लगा दिया गया था.

यह भी पढ़ें: पुलवामा आतंकी हमला: जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग में कर्फ्यू जारी, आत्मघाती हमले में 40 से ज्यादा जवान हुए शहीद

जम्मू क्षेत्र के उधमपुर, कठुआ, सांबा और रियासी जिलों में शनिवार को बंद भी आयोजित किया गया था. इसी बीच, कश्मीरी छात्रों और राज्य के बाहर व्यवसाय करने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हेल्पलाइनें स्थापित की गई हैं.

जम्मू एवं कश्मीर के पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह ने शनिवार को उत्तराखंड पुलिस प्रमुख से राज्य में कश्मीरी छात्रों की सुरक्षा को लेकर बात की. केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कश्मीरियों की सुरक्षा के लिए विभिन्न राज्यों को दिशा निर्देश जारी किए हैं.

(The above story first appeared on LatestLY on Feb 17, 2019 10:43 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).