देश

सुषमा स्वराज के निधन पर सीएम योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने जताया शोक

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व विदेश मंत्री और भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेता सुषमा स्वराज के निधन पर शोक व्यक्त किया है. वह दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय जाएंगे, जहां वह उनके अंतिम दर्शन कर उन्हें श्रद्धांजलि देंगे.

सुषमा स्वराज के निधन पर सीएम योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने जताया शोक
सीएम योगी आदित्यनाथ, दिवंगत सुषमा स्वराज और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल (Photo Credits : File Photo)

लखनऊ : राज्यपाल आनंदीबेन पटेल (Anandiben Patel) और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने पूर्व विदेश मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (BJP) की वरिष्ठ नेता सुषमा स्वराज के निधन पर शोक व्यक्त किया है. सुषमा स्वराज (Sushma Swaraj) का मंगलवार रात को हृदयाघात के कारण नई दिल्ली स्थित एम्स में निधन हो गया.

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने अपने शोक संदेश में कहा, "सुषमा स्वराज एक संवेदनशील नेता थीं, जिन्होंने लंबे समय तक देश की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. उनके निधन से राजनीति के एक युग का अंत हो गया है."

यह भी पढ़ें : सुषमा स्वराज निधन: एम्स के डॉक्टरों ने बचाने के लिए 70 मिनट तक की भरपुर कोशिश, असफल होने पर हुए भावुक

वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सुषमा स्वराज के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा, "वह एक वरिष्ठ एवं अनुभवी राजनेता थीं. वह मुखर वक्ता एवं संसदीय कार्य प्रणाली की अच्छी जानकार थीं. वह अपनी बात को तथ्यों के साथ तार्किक रूप से प्रस्तुत करती थीं. सभी दल के लोग उनका सम्मान करते थे."

योगी ने आगे कहा, "भारत सरकार के मंत्री के रूप में उनकी सेवाओं को सदैव याद किया जाएगा. विदेश मंत्री के तौर पर उन्होंने विदेश में रहने वाले भारत के नागरिकों को तेजी से मदद और राहत उपलब्ध कराने का अविस्मरणीय कार्य किया था. उनके निधन से समाज को अपूरणीय क्षति हुई है."

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए उनके शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है.

इसके अलावा बसपा प्रमुख मायावती ने भी ट्वीट कर सुषमा स्वराज को श्रद्धांजलि दी है. उन्होंने लिखा, "बीजेपी की वरिष्ठ नेता व केंद्रीय मंत्री रहीं सुषमा स्वराज के अचानक निधन की खबर अति दुखद है. वह काफी कुशल राजनीतिज्ञ व प्रशासक ही नहीं, बल्कि एक अति मिलनसार महिला थीं. उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना."

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्वीट किया, "दुखद! श्रीमती सुषमा स्वराज जी का निधन अपूरणीय क्षति है. ईश्वर उनकी आत्मा को शांति एवं परिजनों को शक्ति दे. कुशल नेतृत्व एवं उत्कर्ष कार्यकुशलता के लिए सुषमा जी हमेशा स्मरणीय रहेंगी. शत् शत् नमन. विनम्र श्रद्घांजलि."

भाजपा नेता सुषमा स्वराज के निधन के कारण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपना चित्रकूट दौरा रद्द कर दिया है. वह दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय जाएंगे, जहां वह उनके अंतिम दर्शन कर उन्हें श्रद्धांजलि देंगे.

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 07, 2019 12:48 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).