देश

झारखंड: भारतीय निर्वाचन आयोग के निर्देश पर एडीजी पुलिस का दिल्ली में हुआ तबादला

झारखंड सरकार ने भारतीय निर्वाचन आयोग के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी) विशेष शाखा का तबादला कर उन्हें मंगलवार को नई दिल्ली भेज दिया.

झारखंड: भारतीय निर्वाचन आयोग के निर्देश पर एडीजी पुलिस का दिल्ली में हुआ तबादला
निर्वाचन आयोग (Photo Credits: IANS)

रांची:  झारखंड सरकार ने भारतीय निर्वाचन आयोग के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (Director General of Police) विशेष शाखा का तबादला कर उन्हें मंगलवार को नई दिल्ली भेज दिया. चुनाव आयोग द्वारा सोमवार को एडीजी विशेष शाखा के तौर पर पदस्थ भारतीय पुलिस सेवा (Indian Police Service) के वरिष्ठ अधिकारी अनुराग गुप्ता को स्थानांतरित करने का आदेश देने के बाद राज्य सरकार ने एडीजी को हटाने की अधिसूचना जारी कर दी.

चुनाव आयोग ने गुप्ता को नई दिल्ली के रेजिडेंट कमीश्नर झारखंड को मंगलवार दोपहर एक बजे तक रिपोर्ट करने का निर्देश दिया है. चुनाव आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि चुनावी प्रक्रिया पूरी होने तक उन्हें कोई अवकाश नहीं मिलना चाहिए और ना ही कोई ऐसी ड्यूटी मिलनी चाहिए, जिसके तहत उन्हें झारखंड जाना पड़े.

यह भी पढ़ें: राज्यपाल कल्याण सिंह ने किया आचार संहिता का उल्लंघन, चुनाव आयोग राष्ट्रपति से करेगा शिकायत

विपक्षी दलों ने चुनाव आयोग से पुलिस अधिकारी को हटाने की मांग की थी. विपक्षी दलों ने इस संबंध में एक ज्ञापन राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी को भी सौंपा था. कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं ने नई दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त से मिलकर गुप्ता को उनके पद से हटाने की मांग की थी.

अनुराग गुप्ता पर 2016 राज्य सभा चुनावों के संबंध में एक प्राथमिकी दर्ज है. चुनावी प्रक्रिया में दखलंदाजी करने, पद का दुरोपयोग करने और आचार संहिता तथा सेवा नियमों का उल्लंघन करने के लिए गुप्ता के खिलाफ साल 2018 में 29 मार्च को भारतीय दंड संहिता की धारा 171(बी)(ई), 171(सी)(एफ) के तहत मामला दर्ज किया गया था, वहीं उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई भी शुरू की गई थी.

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 02, 2019 01:45 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).