देश

विंग कमांडर की तारीफ में बोले PM मोदी- अब अभिनंदन का अर्थ ही बदल जाएगा

पीएम मोदी की इस टिप्पणी को पाकिस्तान से रिहा भारतीय वायुसेना के पायलट विंग कमांडर अभिनंदन के संदर्भ में देखा जा रहा है.

विंग कमांडर की तारीफ में बोले PM मोदी- अब अभिनंदन का अर्थ ही बदल जाएगा
पीएम मोदी (Photo Credit: Twitter @BJP4India)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने शनिवार को दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि हिन्दुस्तान जो भी करता है, दुनिया उसे गौर से देखती है. भारत (India) की ताकत है कि वो डिक्शनरी के शब्दों का अर्थ बदल देता है. कभी अभिनंदन (Abhinandan) का अर्थ होता था 'Congratulations' और अब अभिनंदन का अर्थ ही बदल जाएगा. उन्होंने कहा ये ताकत इस देश में है. आइए उस आत्मविश्वास को लेकर चलें. एक पराक्रमी राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ना है और सपनों को पूरा करने के लिए समय सीमा में एक के बाद एक कदम उठाना है. सरकार आपके साथ है.

पीएम मोदी की इस टिप्पणी को पाकिस्तान से रिहा भारतीय वायुसेना के पायलट विंग कमांडर अभिनंदन के संदर्भ में देखा जा रहा है. बता दें कि पाकिस्तानी विमानों द्वारा भारतीय वायुसीमा के उल्लंघन के दौरान अदम्य वीरता का प्रदर्शन करने वाले विंग कमांडर अभिनंदन शुक्रवार रात को पाकिस्तान से स्वदेश वापस लौट आए. उनकी वापसी से पहले के कुछ घंटे संशय से भरे रहे.

इस कदम को आतंकवाद का पाकिस्तान से जारी समर्थन पर भारत के जवाब के बाद उत्पन्न तनाव की स्थिति को कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के तौर पर देखा जा रहा है. पीएम मोदी ने अभिनंदन की वापसी का स्वागत करते हुए शुक्रवार को अपने ट्वीट में कहा था, ‘विंग कमांडर अभिनंदन आपका घर में स्वागत है. राष्ट्र को आपके अदम्य साहस पर गर्व है. हमारे सशस्त्र बल देश के 130 करोड़ भारतीयों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं.’ यह भी पढ़ें- जानिए कौन है वो महिला जो विंग कमांडर अभिनंदन को वाघा बॉर्डर तक छोड़ने आई?

गौरतलब है कि भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तानी सीमा में जैश ए मोहम्मद के ठिकानों को निशाना बनाया. उसके बाद 27 फरवरी को पाकिस्तानी वायुसेना की ओर से भारत की वायुसीमा का उल्लंघन किया गया. इस दौरान हुए हवाई संघर्ष में पाकिस्तान का एक एफ-16 विमान गिरा दिया गया और भारत का मिग 21 दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस संघर्ष के परिणामस्वरूप विंग कमांडर अभिनंदन का पैराशूट सीमा पार चला गया और उन्हें पाकिस्तान ने पकड़ लिया.

भाषा इनपुट

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 02, 2019 01:01 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).