G7 Summit 2026: स्लोवाकिया का सर्वोच्च सम्मान पाकर जिनेवा पहुंचे पीएम मोदी, स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति ने किया स्वागत; फ्रांस में जी7 शिखर सम्मेलन में होंगे शामिल (Watch Video)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्लोवाकिया की ऐतिहासिक द्विपक्षीय यात्रा संपन्न करने के बाद जिनेवा पहुंच चुके हैं. वहां से वह फ्रांस के एवियन में होने वाले जी7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे. जिनेवा एयरपोर्ट पर स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाय पारमेलिन ने उनका भव्य स्वागत किया.
जिनेवा/नई दिल्ली, 16 जून: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) मंगलवार को स्लोवाकिया (Slovakia) की दो दिवसीय सफल आधिकारिक यात्रा संपन्न करने के बाद स्विट्जरलैंड (Switzerland) के जिनेवा (Geneva) पहुंचे. पीएम मोदी यहां से फ्रांस के एवियन (Evian) शहर के लिए रवाना होंगे, जहां वे जी7 (G7) शिखर सम्मेलन 2026 में हिस्सा लेने जा रहे हैं. जिनेवा पहुंचने पर एक विशेष प्रोटोकॉल के तहत स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाय पारमेलिन (Guy Parmelin) ने स्वयं एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया. विदेश मंत्रालय (MEA) के अनुसार, दोनों नेताओं ने गर्मजोशी से मुलाकात की और भारत-स्विट्जरलैंड द्विपक्षीय साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई. यह भी पढ़ें: पीएम मोदी की यूरोप यात्रा: फ्रांस के नीस पहुंचे प्रधानमंत्री, मैक्रों से द्विपक्षीय वार्ता, G7 समिट और ऐतिहासिक स्लोवाकिया दौरे पर टिकी नजरें
जी7 शिखर सम्मेलन में इन अहम मुद्दों पर होगी चर्चा
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर इस मुलाकात की जानकारी साझा की. फ्रांस के एवियन में आयोजित हो रहे जी7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी दुनिया के शीर्ष नेताओं, आमंत्रित भागीदार देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रमुखों के साथ कई महत्वपूर्ण सत्रों में हिस्सा लेंगे.
इस साल के शिखर सम्मेलन में पीएम मोदी मुख्य रूप से तीन वैश्विक विषयों पर भारत का दृष्टिकोण रखेंगे:
- नए गठबंधनों का निर्माण और अंतरराष्ट्रीय एकजुटता को फिर से बहाल करना.
- सभी के लिए संतुलित, साझा और सतत आर्थिक विकास (Sustainable Economic Growth) को पुनर्जीवित करना.
- आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का सुरक्षित, तीव्र और कुशल रोलआउट सुनिश्चित करना.
इसके अलावा, शिखर सम्मेलन के इतर (Sidelines) प्रधानमंत्री मोदी कई वैश्विक नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे.
पीएम मोदी जिनेवा पहुंचे
पेरिस में 'विवाटेक समिट' और भारतीय समुदाय को करेंगे संबोधित
एवियन में जी7 शिखर सम्मेलन के कार्यक्रमों को पूरा करने के बाद, प्रधानमंत्री मोदी गुरुवार को पेरिस के लिए रवाना होंगे। पेरिस में वे फ्रांस के शीर्ष नेतृत्व के साथ द्विपक्षीय रणनीतिक वार्ता करेंगे. इसके साथ ही, वे यूरोप के सबसे बड़े प्रौद्योगिकी और स्टार्टअप इवेंट 'विवाटेक समिट' (VivaTech Summit) में भी शिरकत करेंगे. विदेश मंत्रालय के मुताबिक, पेरिस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के वहां रहने वाले प्रवासी भारतीय समुदाय के एक कार्यक्रम को संबोधित करने की भी उम्मीद है. यह भी पढ़ें: PM Modi in Slovakia: पीएम मोदी की ऐतिहासिक स्लोवाकिया यात्रा को लेकर प्रवासी भारतीयों में भारी उत्साह, द्विपक्षीय संबंधों के लिए बताया बेहद अहम
स्लोवाकिया का 'सर्वोच्च नागरिक सम्मान' पाकर रवाना हुए पीएम मोदी
जिनेवा पहुंचने से ठीक पहले प्रधानमंत्री मोदी ने स्लोवाकिया का अपना दो दिवसीय दौरा पूरा किया, जिसे उन्होंने "ऐतिहासिक और फलदायी" बताया. स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको ने एक विशेष शिष्टाचार के तहत पीएम मोदी के रवाना होने से पहले उनके होटल जाकर उन्हें विदा किया.
इस यात्रा के दौरान स्लोवाकिया ने सोमवार को प्रधानमंत्री मोदी को अपने देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस' (फर्स्ट क्लास) से सम्मानित किया. यह किसी देश द्वारा प्रधानमंत्री मोदी को दिया गया 33वां वैश्विक सम्मान है.
ब्रातिस्लावा के राष्ट्रपति भवन में स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी के साथ हुई उच्च स्तरीय बैठक के बारे में पीएम मोदी ने बताया कि दोनों देशों के बीच मैन्युफैक्चरिंग, ट्रांसपोर्ट, इनोवेशन, बायोफ्यूल, निवेश और डिजिटल टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने को लेकर बेहद सकारात्मक चर्चा हुई है.