Passport Price Hike: आम जनता पर बढ़ा बोझ, 1 जुलाई से महंगा हो जाएगा भारतीय पासपोर्ट; विदेश मंत्रालय ने जारी की नई दरों की सूची
पासपोर्ट/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: Wikimedia Commons)

नई दिल्ली: विदेश यात्रा पर जाने वाले भारतीय नागरिकों की जेब पर अब अतिरिक्त बोझ पड़ने जा रहा है. केंद्र सरकार के विदेश मंत्रालय (Ministry of External Affairs) (MEA) ने 'पासपोर्ट (संशोधन) नियम, 2026' (Passports (Amendment) Rules, 2026) के तहत नए और नवीनीकृत पासपोर्ट, तत्काल आवेदनों और अन्य संबंधित प्रशासनिक सेवाओं के शुल्क ढांचे में संशोधन की आधिकारिक अधिसूचना जारी की है. आगामी 1 जुलाई 2026 से लागू होने वाली इस नई व्यवस्था के तहत विभिन्न श्रेणियों की फीस में 75 प्रतिशत तक की भारी वृद्धि की गई है. अब सामान्य श्रेणी में एक वयस्क के लिए नया पासपोर्ट बनवाना ₹1,500 के बजाय ₹2,500 का पड़ेगा. यह भी पढ़ें: Passport Status Clarification: 'पासपोर्ट कभी भी नागरिकता का प्रमाण नहीं रहा', केंद्र सरकार ने साफ की स्थिति; बॉम्बे हाई कोर्ट के फैसलों का दिया हवाला

वयस्कों और नाबालिगों के लिए नया शुल्क ढांचा

नए सरकारी दिशानिर्देशों के अनुसार, 18 वर्ष और उससे अधिक आयु के वयस्क आवेदकों के लिए सामान्य प्रक्रिया (Normal Route) के तहत 36 पेजों का साधारण नया या री-इश्यू पासपोर्ट अब ₹2,500 में बनेगा। वहीं, जिन्हें जल्दबाजी में तत्काल योजना (Tatkal Scheme) के तहत पासपोर्ट चाहिए, उन्हें ₹5,000 का भुगतान करना होगा.

अक्सर विदेश यात्रा करने वाले नागरिकों के लिए 60 पेजों की जंबो बुकलेट की फीस सामान्य श्रेणी में ₹3,500 और तत्काल में ₹6,000 तय की गई है. 18 वर्ष से कम उम्र के नाबालिगों के लिए 36 पेजों के नए पासपोर्ट की कीमत सामान्य श्रेणी में ₹1,750 और तत्काल में ₹4,250 कर दी गई है.

केंद्र ने 1 जुलाई से पासपोर्ट फीस बढ़ाई

नए पासपोर्ट शुल्क की मुख्य दरें (तालिका)

श्रेणी और दस्तावेज का प्रकार सामान्य शुल्क (Normal) तत्काल शुल्क (Tatkal)
वयस्क (18+): नया / री-इश्यू (36 पेज) ₹2,500 ₹5,000
वयस्क (18+): नया / री-इश्यू (60 पेज) ₹3,500 ₹6,000
नाबालिग (<18): नया / री-इश्यू (36 पेज) ₹1,750 ₹4,250
पासपोर्ट गुम/खराब होने पर: रिप्लेसमेंट (36 पेज) ₹5,000 ₹7,500
पासपोर्ट गुम/खराब होने पर: रिप्लेसमेंट (60 पेज) ₹6,000 ₹8,500
नाबालिग पासपोर्ट गुम/खराब होने पर: (36 पेज) ₹4,250 ₹6,750

पासपोर्ट खोने या खराब होने पर लगेगा भारी जुर्माना

यदि किसी नागरिक का पासपोर्ट खो जाता है, चोरी हो जाता है या क्षतिग्रस्त हो जाता है, तो उसकी जगह नया पासपोर्ट (Replacement Booklet) प्राप्त करने का खर्च अब काफी बढ़ गया है. 36 पेजों के रिप्लेसमेंट पासपोर्ट के लिए सामान्य श्रेणी में ₹5,000 और तत्काल में ₹7,500 देने होंगे। 60 पेजों की बुकलेट के लिए यह दर सामान्य में ₹6,000 और तत्काल में ₹8,500 होगी। नाबालिगों के मामले में गुम या खराब पासपोर्ट के बदले नया आवेदन करने पर सामान्य शुल्क ₹4,250 और तत्काल शुल्क ₹6,750 तय किया गया है.

इसके अतिरिक्त, गैर-बुकलेट प्रशासनिक सेवाओं की दरें भी बदली हैं. भारत के भीतर पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट (PCC), सरेंडर सर्टिफिकेट या ग्लोबल एंट्री प्रोग्राम (GEP) वेरिफिकेशन के लिए ₹750 का फ्लैट शुल्क लगेगा, जबकि विदेशों में स्थित भारतीय दूतावासों में इसके लिए 40 अमेरिकी डॉलर चुकाने होंगे. भारत में सर्टिफिकेट ऑफ आइडेंटिटी के लिए ₹1,000 और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 50 डॉलर देने होंगे, जबकि विदेशों में आपातकालीन प्रमाणपत्र (Emergency Certificate) बनवाने की लागत 15 डॉलर होगी.

पासपोर्ट की कानूनी स्थिति पर विदेश मंत्रालय की सफाई

फीस में इस बड़े बदलाव के बीच विदेश मंत्रालय ने 'पासपोर्ट सेवा दिवस' के अवसरों पर पासपोर्ट की कानूनी स्थिति को लेकर भी एक महत्वपूर्ण रुख दोहराया है. मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि एक भारतीय पासपोर्ट प्राथमिक रूप से एक अंतरराष्ट्रीय यात्रा दस्तावेज (Travel Document) है और इसे कानूनी रूप से भारतीय नागरिकता का एकमात्र या अंतिम प्रमाण नहीं माना जाना चाहिए.

अधिकारियों ने साफ किया कि यद्यपि भारतीय पासपोर्ट कड़ी पुलिस जांच और नागरिक सत्यापन के बाद ही जारी किए जाते हैं, लेकिन इनका मूल और कानूनी उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय सीमाओं को पार करने की सुविधा देना तथा विदेशी राज्यों के समक्ष धारक की राष्ट्रीयता को प्रमाणित करना है, न कि यह नागरिकता का कोई निरपेक्ष प्रमाणपत्र है.