एयर स्ट्राइक से बौखलाया पाकिस्तान! बार्डर पर कर रहा जबरदस्त फायरिंग, भारतीय सेना दे रही करारा जवाब
भारत की एयर स्ट्राइक के बाद पाकिस्तान ने पुंछ-राजौरी सेक्टर में सीजफायर तोड़ते हुए भारी गोलीबारी शुरू की. भारतीय सेना ने पाकिस्तान की इस हरकत का मुंहतोड़ जवाब दिया है. सीजफायर उल्लंघन से सीमा पर तनाव बढ़ा है और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं.
भारत ने पहलगाम हमले का बदला लेते हुए आतंकियों के खिलाफ बड़ा कदम उठाया है. भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम से एक जबरदस्त अभियान शुरू किया है, जिसमें वायुसेना ने पाकिस्तान और पीओके (पाक अधिकृत कश्मीर) के 9 आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की है. ये हमला रात करीब डेढ़ बजे किया गया और खासकर बहावलपुर, कोटली और मुजफ्फराबाद के इलाकों को निशाना बनाया गया.
पाकिस्तान ने फिर सीजफायर तोड़ा
भारत की इस कार्रवाई से घबराया पाकिस्तान सीमा पर सीजफायर तोड़ने लगा है. पुंछ-राजौरी के भीमबर गली सेक्टर में पाकिस्तान ने तोप से फायरिंग शुरू कर दी, जिसका भारतीय सेना ने करारा जवाब दिया है.
बेहद सोच-समझकर बनाई गई थी रणनीति
सरकार की तरफ से मिली जानकारी के मुताबिक, ऑपरेशन सिंदूर पूरी तरह से रणनीतिक और सोच-समझकर किया गया ऑपरेशन था. इस स्ट्राइक में आतंकियों के ठिकानों को निशाना बनाया गया, लेकिन पाकिस्तान की सेना से जुड़े ठिकानों को नहीं छुआ गया, ताकि यह साफ रहे कि भारत का मकसद आतंक को खत्म करना है, ना कि जंग छेड़ना.
एयर स्ट्राइक से ठीक पहले हुई मॉक ड्रिल
यह ऑपरेशन तब किया गया जब भारत में करीब 300 जगहों पर मॉक ड्रिल (युद्ध अभ्यास) की तैयारी चल रही थी. इससे पहले ही असली एक्शन ले लिया गया.
26 लोगों की जान लेने वालों को सज़ा
ये पूरा एक्शन पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद किया गया है, जिसमें 26 लोग मारे गए थे. सरकार ने पहले ही कहा था कि हमले के जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा और अब उसी के तहत ये कार्रवाई हुई है.
(The above story first appeared on LatestLY on May 07, 2025 05:43 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

