देश

Model Rhiya Ahir: मुंबई में NEET विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस वैन रोकने वाली मॉडल रिया अहीर ने दर्ज कराई साइबर शिकायत, ट्रॉलिंग का लगाया आरोप

शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने रिया से संपर्क किया है, और वह मामले की गहन जांच और आरोपियों पर एफआईआर (FIR) दर्ज कराने के लिए महाराष्ट्र साइबर सेल के अधिकारियों से मुलाकात करेंगी.

Model Rhiya Ahir: मुंबई में NEET विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस वैन रोकने वाली मॉडल रिया अहीर ने दर्ज कराई साइबर शिकायत, ट्रॉलिंग का लगाया आरोप
Model Rhiya Ahir

Model Rhiya Ahir: मुंबई में नीट (NEET) पेपर लीक विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों से भरी पुलिस वैन के आगे खड़े होकर उसे रोकने वाली 27 वर्षीय मॉडल रिया अहीर (रिया यादव) एक बार फिर सुर्खियों में हैं. सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के बाद अब रिया ने अपने खिलाफ चलाए जा रहे दुष्प्रचार और ऑनलाइन उत्पीड़न को लेकर महाराष्ट्र साइबर सेल का दरवाजा खटखटाया है. रिया का आरोप है कि प्रदर्शन में शामिल होने के बाद से उन्हें सोशल मीडिया पर लगातार ट्रोल किया जा रहा है और उनकी पुरानी तस्वीरों को एडिट कर उनकी छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है.

पुरानी तस्वीरों से छेड़छाड़ और बदनामी का आरोप

रिया अहीर ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में कहा कि ऑनलाइन मिल रही धमकियां और गालियां केवल विरोध प्रदर्शन में उनकी मौजूदगी तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने की एक सुनियोजित कोशिश है. उन्होंने आरोप लगाया कि उनके मॉडलिंग करियर की पुरानी तस्वीरों और सोशल मीडिया पोस्ट्स का गलत इस्तेमाल कर उन्हें स्लट-शैम (slut-shame) किया जा रहा है और उनके परिवार को निशाना बनाया जा रहा है.

शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने रिया से संपर्क किया है, और वह मामले की गहन जांच और आरोपियों पर एफआईआर (FIR) दर्ज कराने के लिए महाराष्ट्र साइबर सेल के अधिकारियों से मुलाकात करेंगी.

शिवाजी पार्क में वैन के आगे खड़ी होकर रोका था रास्ता

उल्लेखनीय है कि पिछले सप्ताह मुंबई के शिवाजी पार्क में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) द्वारा आयोजित नीट पेपर लीक विरोध प्रदर्शन के दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. इस वीडियो में रिया अहीर मुंबई पुलिस की एक वैन के ठीक आगे खड़ी नजर आ रही थीं, जिसमें हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारी मौजूद थे.

रिया ने गाड़ी का रास्ता रोकते हुए तब तक हटने से इनकार कर दिया था जब तक कि हिरासत में लिए गए छात्रों और प्रदर्शनकारियों को छोड़ नहीं दिया गया. इस घटना के बाद वह इस आंदोलन का एक प्रमुख चेहरा बनकर उभरीं.

'छात्रों को देखकर अपने आप कदम उठाया'

एक साक्षात्कार में रिया अहीर ने स्पष्ट किया था कि वह नीट परीक्षा में हुई गड़बड़ी के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल हुई थीं और वैन के अंदर मौजूद लोगों से उनका कोई व्यक्तिगत परिचय नहीं था. उन्होंने कहा, "मैंने देखा कि वैन के अंदर महिलाओं सहित कई प्रदर्शनकारियों को जबरन भरा गया था. जब मैंने एक महिला को बाहर निकालने की कोशिश की तो पुलिस ने मुझे रोक दिया. इसके बाद मैंने गाड़ी के आगे खड़े होकर उन्हें रिहा करने की मांग की."

रिया ने यह भी आरोप लगाया था कि वैन चालक ने उन्हें डराने के उद्देश्य से बार-बार एक्सीलेटर दबाया, लेकिन वह अपनी जगह पर डटी रहीं और अन्य प्रदर्शनकारी भी उनके समर्थन में वहां जमा हो गए. फिलहाल, पुलिस रिया की शिकायत की समीक्षा कर रही है और साइबर सेल की जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 27, 2026 02:39 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).