मोदी-बाइडेन की मुलाकात से मीडिया को रखा गया दूर
दिल्ली में जी20 शिखर सम्मेलन का आगाज हो चुका है.
दिल्ली में जी20 शिखर सम्मेलन का आगाज हो चुका है. दुनिया भर के नेताओं का प्रधानमंत्री मंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत मंडपम में स्वागत किया.जी20 शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए आए अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने शुक्रवार शाम को प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की. दोनों नेताओं के बीच करीब 50 मिनट तक द्विपक्षीय वार्ता हुई. लेकिन कई अंतरराष्ट्रीय समाचर एजेंसियों ने रिपोर्ट दी है कि शुक्रवार को भारतीय प्रधानमंत्री और अमेरिकी राष्ट्रपति की प्रमुख बैठक को कवर करने से रोक दिया गया. समाचार एजेंसी एपी और डीपीए ने इस बारे में रिपोर्ट दी है.
जी20 जैसे प्रमुख शिखर सम्मेलनों के मौके पर ऐसे द्विपक्षीय वार्ता तक मीडिया की पहुंच को हमेशा सख्ती से नियंत्रित किया जाता है लेकिन इसे पूरी तरह से अवरुद्ध नहीं किया जाता.
इससे पहले जून में वॉशिंगटन की राजकीय यात्रा के दौरान एक प्रेस ब्रीफिंग में मोदी द्वारा अमेरिकी पत्रकारों से एक सवाल लेने पर भारतीय अधिकारियों की सहमति से पहले लंबी बातचीत की जरूरत पड़ी थी. मोदी आम तौर पर प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं करते हैं, जबकि बाइडेन समेत अधिकतर नेता द्विपक्षीय बैठकों के बाद मीडिया से रूबरू होते हैं.
मोदी-बाइडेन की वार्ता
बाइडेन के साथ विदेश यात्रा पर जाने वाले पत्रकार अमूमन द्विपक्षीय वार्ता के पहले कुछ तस्वीरें लेते हैं, वे प्रारंभिक बयान सुनते हैं और सवाल भी पूछते हैं. दिल्ली में विमान से उतरने के तुरंत बाद बाइडेन 7 लोक कल्याण मार्ग गए, लेकिन उनके साथ यात्रा कर रहे पत्रकारों को बाहर ही रुकने को कह दिया गया.
इससे पहले राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन ने एयर फोर्स वन में कहा था, "अमेरिकी सरकार में हम राष्ट्रपति के हर काम तक अमेरिकी पत्रकारों की पहुंच सुनिश्चित करने और उन तक पहुंच बनाने के लिए कड़ी मेहनत करते हैं."
मोदी के साथ अपनी द्विपक्षीय बैठक के दौरान बाइडेन ने स्थायी सदस्य के रूप में भारत के साथ संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार के लिए अपने समर्थन की पुष्टि की है. मोदी और बाइडेन के बीच द्विपक्षीय वार्ता के बाद भारत और अमेरिका द्वारा जारी एक संयुक्त बयान में लचीली वैश्विक अर्धचालक आपूर्ति श्रृंखला बनाने की दिशा में प्रयास पर फिर से जोर दिया गया.