देश

पीएम मोदी को मिला मालदीव का सर्वोच्च सम्मान ‘निशान इज्जुद्दीन’, बोले- भारत हर हाल में हमेशा रहेगा साथ

मालदीव के दौरे पर गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शनिवार को किसी विदेशी नागरिक को दिये जाने वाले मालदीव के सर्वोच्च सम्मान - निशान इज्जुद्दीन से सम्मानित किया गया. मालदीव के राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद स्वालेह ने इस विशिष्ट सम्मान से नवाजा.

पीएम मोदी को मिला मालदीव का सर्वोच्च सम्मान ‘निशान इज्जुद्दीन’, बोले- भारत हर हाल में हमेशा रहेगा साथ
मालदीव के सर्वोच्च सम्मान निशान इज्जुद्दीन से नवाजे गए पीएम मोदी (Photo Credits: ANI)

माले: मालदीव (Maldives) के दौरे पर गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शनिवार को किसी विदेशी नागरिक को दिये जाने वाले मालदीव के सर्वोच्च सम्मान - निशान इज्जुद्दीन (Nishan Izzuddeen) से सम्मानित किया गया. मालदीव के राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद स्वालेह ने इस विशिष्ट सम्मान से नवाजा. इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा की भारत हमेशा मालदीव के साथ हर हाल में खड़ा रहा है. भारत-मालदीव दोनों देशों के लोग विकास और स्थिरता चाहते हैं.

प्रधानमंत्री मोदी आज दोपहर मालदीव और श्रीलंका के दो दिन के दौरे के तहत पहले पड़ाव मालदीव की राजधानी माले पहुंचें. जहां उनका भव्य स्वागत किया गया. मोदी का माले हवाईअड्डे पर विदेश मंत्री अब्दुल्ला शाहिद ने गर्मजोशी से स्वागत किया. प्रधानमंत्री पिछली बार यहां नवंबर 2018 में राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद सोलेह के शपथ ग्रहण समारोह में आए थे.

प्रधानमंत्री के रिपब्लिक स्क्वेयर पर आगमन पर राष्ट्रपति सोलेह और मोदी ने एक-दूसरे का अभिवादन किया. वहां पहुंचने पर मोदी का आधिकारिक स्वागत किया गया. प्रधानमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया.

पीएम मोदी राष्ट्रपति इब्राहिम सोलेह के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने के लिए नवंबर में मालदीव आए थे लेकिन यह यात्रा आठ वर्षों में द्विपक्षीय स्तर पर किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली यात्रा है. इस दो दिवसीय यात्रा का मकसद हिंद महासागर द्वीपसमूह के साथ संबंधों को और मजबूती प्रदान करना है.

विदेश मंत्री शाहिद ने ट्वीट किया कि मोदी की पहली विदेश यात्रा पर वेलाना अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर उनका स्वागत करना बड़े सम्मान की बात रही. उन्होंने कहा, ‘‘इसमें कोई शक नहीं कि यह यादगार यात्रा होगी जिससे मालदीव-भारत संबंध नयी ऊंचाई हासिल करेंगे.’’ विदेश मंत्री शाहिद ने मोदी की यात्रा के मद्देनजर टि्वटर पर कहा कि ‘रूल ऑफ निशान इज्जुद्दीन’ मालदीव का सर्वोच्च सम्मान है जिसे विदेशी हस्तियों को दिया जाता है.

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 08, 2019 07:10 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).