Maharashtra: शिवसेना नगरसेवक रमेश म्हात्रे पर डॉक्टरों और नर्सों से मारपीट का आरोप, वीडियो वायरल होने के बाद अस्पताल में अनिश्चितकालीन हड़ताल
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को KDMC आयुक्त अभिनव गोयल से मुलाकात कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. IMA ने चेतावनी दी है कि यदि बुधवार तक दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, तो कल्याण-डोंबिवली के निजी डॉक्टर भी हड़ताल में शामिल होकर अपनी सेवाएं बंद कर देंगे.
Maharashtra News: कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका (KDMC) के शास्त्रीनगर अस्पताल में डॉक्टरों और नर्सों के साथ कथित मारपीट के आरोप के बाद मंगलवार, 7 जुलाई को नियमित स्वास्थ्य सेवाएं ठप रहीं. अस्पताल के डॉक्टरों और नर्सों ने शिवसेना नगरसेवक रमेश म्हात्रे और उनके समर्थकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया. हालांकि, अस्पताल में आपातकालीन सेवाएं जारी हैं. Maharashtra Bike Taxi Policy: 1 अगस्त से महाराष्ट्र में बाइक टैक्सी होगी लीगल, जानिए डोमिसाइल नियम समेत नई पॉलिसी की बड़ी बातें
गर्भवती महिला के इलाज को लेकर हुआ विवाद
यह मामला सोमवार, 6 जुलाई की देर रात सामने आया. अस्पताल प्रशासन के अनुसार, 33 वर्षीय गर्भवती प्रियंका उगमले को प्रसव के लिए भर्ती कराया गया था. जांच में गर्भस्थ शिशु की गर्दन के चारों ओर नाल के दो फंदे पाए गए, जिसके बाद डॉक्टरों ने लोअर सेगमेंट सिजेरियन सेक्शन (LSCS) करने का फैसला लिया.
डॉक्टरों को आशंका थी कि जन्म के बाद नवजात को नियोनेटल इंटेंसिव केयर यूनिट (NICU) की जरूरत पड़ सकती है. लेकिन अस्पताल का NICU पहले से ही पूरी तरह भरा हुआ था. ऐसे में मेडिकल स्टाफ नवजात के लिए दूसरे अस्पताल में व्यवस्था करने की कोशिश कर रहा था.
इलाज में देरी के आरोप के बाद मारपीट
अस्पताल के मुताबिक, इसी दौरान मरीज के परिजनों ने रमेश म्हात्रे को बुलाया. उनके अस्पताल पहुंचने के बाद इलाज में कथित देरी को लेकर विवाद शुरू हो गया. आरोप है कि बहस के दौरान रमेश म्हात्रे और उनके समर्थकों ने ड्यूटी पर मौजूद दो डॉक्टरों, जिनमें एक स्त्री रोग विशेषज्ञ भी शामिल थीं, तथा तीन नर्सों के साथ मारपीट की. घटना के बाद गर्भवती महिला को वसंत वैली मातृत्व अस्पताल स्थानांतरित किया गया, जहां सफल सिजेरियन ऑपरेशन के बाद नवजात को NICU में भर्ती कराया गया.
शिवसेना पार्षद रमेश म्हात्रे ने डॉक्टरों और नर्सों के साथ मारपीट की, वीडियो वायरल हुआ
कल्याण डोंबिवलीतले शिवसेना नगरसेवक रमेश म्हात्रेंची महिला डॉक्टर, कर्मचाऱ्यांना मारहाण. (महिला डॉक्टरला मारहाण करताना २.०३) pic.twitter.com/Uc2fhqEzjX
— Saurabh Koratkar (@saurabhkoratkar) July 7, 2026
डॉक्टरों ने की कड़ी कार्रवाई की मांग
घटना के विरोध में शास्त्रीनगर अस्पताल और रुक्मिणीबाई अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों ने काम का बहिष्कार कर दिया है. उनकी मांग है कि दर्ज की गई एफआईआर में रमेश म्हात्रे का नाम आरोपी के तौर पर शामिल किया जाए.
शास्त्रीनगर अस्पताल की मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सादिया पिंजारी ने कहा कि डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी इस तरह के हमलों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे. कर्मचारियों का यह भी आरोप है कि अस्पताल में इस तरह की घटना पहली बार नहीं हुई है.
IMA ने भी दी आंदोलन की चेतावनी
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को KDMC आयुक्त अभिनव गोयल से मुलाकात कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. IMA ने चेतावनी दी है कि यदि बुधवार तक दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, तो कल्याण-डोंबिवली के निजी डॉक्टर भी हड़ताल में शामिल होकर अपनी सेवाएं बंद कर देंगे. फिलहाल डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी KDMC मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं और घटना में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं.
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 07, 2026 08:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

