एजेंसी न्यूज

COVID-19 : मध्य रेलवे ने नागपुर और भुसावाल संभागों में प्लेटफॉर्म टिकटों के दाम बढ़ाए

मध्य रेलवे ने कोविड-19 के मामलों में वृद्धि के मद्देनजर गर्मी के मौसम में प्लेटफॉर्म पर भीड़भाड़ रोकने के लिये महाराष्ट्र के नागपुर और भुसावाल संभागों में कुछ प्रमुख स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकट के दामों मे वृद्धि की है. एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी है.

COVID-19 : मध्य रेलवे ने नागपुर और भुसावाल संभागों में प्लेटफॉर्म टिकटों के दाम बढ़ाए
ट्रेन/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: Facebook)

मुंबई, 12 मार्च : मध्य रेलवे ने कोविड-19 (COVID-19) के मामलों में वृद्धि के मद्देनजर गर्मी के मौसम में प्लेटफॉर्म (Platform) पर भीड़भाड़ रोकने के लिये महाराष्ट्र के नागपुर और भुसावाल संभागों में कुछ प्रमुख स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकट के दामों मे वृद्धि की है. एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी है. अधिकारी ने बताया कि दस मार्च को लिये गए निर्णय के अनुसार भुसावाल संभागों में नासिक रोड, जलगांव, भुसावाल, बडनेरा, मडगांव, शेगांव, अकोला, अमरावती और खंडवा स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकट की कीमत अब 50 रुपये होगी.

नागपुर स्टेशन (Nagpur station) पर अब प्लेटफॉर्म टिकट 50 रुपये का होगा जबकि नागपुर संभाग के बेतूल, चंद्रपुर, बल्हारशाह और वर्धा स्टेशनों पर 30 रुपये में प्लेटफॉर्म टिकट मिलेगा. इससे पहले इन स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकट के दाम 10 रुपये होते थे. मध्य रेलवे के मुख्य जन संपर्क अधिकारी शिवाजी सुतार ने कहा कि (प्लेटफॉर्म टिकट के दाम बढ़ाने का) सिलसिला वर्षों से चल रहा है और भीड़ को नियंत्रित करने के लिये कभी-कभार कुछ समय के लिये ऐसा किया जाता है. यह भी पढ़ें : Coronavirus Update: मुंबई में पिछले दो महीनों में सामने आए कोविड-19 के 90 फीसदी मरीज ऊंची इमारतों के निवासी

उन्होंने कहा, ''ऐसा अकसर त्योहारी मौसम और मेलों आदि के दौरान किया जाता है और फिर धीरे-धीरे दाम घटा दिए जाते हैं. इस बार कोविड-19 महामारी से उपजे हालात से निपटने के लिये ऐसा किया गया है. जनहित में यह फैसला लिया गया है.'' प्लेटफॉर्म टिकटों में वृद्धि का यह फैसला भुसावाल संभाग में 10 जून और नागपुर संभाग में आठ जून तक लागू करेगा.

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 12, 2021 03:52 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).