देश

IPL 2025: रात 12 बजे ट्रॉफी के साथ सेलिब्रेट करना चाहते हैं आरसीबी फैंस, मंदिरों में कर रहे हवन

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 का फाइनल मंगलवार को खेला जाएगा. इस मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स की टीम एक-दूसरे के आमने-सामने होंगी. दोनों ही टीमें अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में अपना पहला खिताब जीतने के इरादे से उतरेंगी.

IPL 2025: रात 12 बजे ट्रॉफी के साथ सेलिब्रेट करना चाहते हैं आरसीबी फैंस, मंदिरों में कर रहे हवन
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (Photo Credit: X Formerly Twitter/IPL)

3 जून, कर्नाटक : इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 का फाइनल मंगलवार को खेला जाएगा. इस मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स की टीम एक-दूसरे के आमने-सामने होंगी. दोनों ही टीमें अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में अपना पहला खिताब जीतने के इरादे से उतरेंगी.

आरसीबी की जीत के लिए देशभर में जगह-जगह फैंस विशेष पूजा कर रहे हैं, ताकि टीम की जीत में कोई बाधा ना आए. बेलगावी के चेन्नम्मा सर्कल में स्थित गणपति मंदिर में भगवान गणेश की विशेष पूजा की गई. फैंस ने यहां आरसीबी की जीत के नारे लगाए. वहीं, हुबली के साईं बाबा मंदिर में भी विशेष पूजा कराई गई. 'कर्नाटक आर्मी' ने यहां बल्ले की पूजा की. बेलगाम के शिरडी साईं भव मंदिर में कुछ ऐसा ही देखने को मिला, जहां फैंस ने मंदिर में विशेष पूजा के साथ अपना माथा टेका. यह भी पढ़ें : Stock Market Today: आरबीआई एमपीसी से पहले ऑल-टाइम हाई पर निफ्टी बैंक, 56,000 का स्तर किया पार

बेंगलुरु में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कट्टर फैंस मंगलवार को अपनी टीम की जीत की कामना कर रहे हैं. 18 साल में चार बार फाइनल में पहुंचने के बावजूद किस्मत ने कभी उनका साथ नहीं दिया. इस बार खिताब जीतने के लिए आरसीबी फैंस ने विजयनगर के गणपति मंदिर में एक विशेष हवन का आयोजन किया, जिसमें टीम की सफलता के लिए प्रार्थना की गई.

आरसीबी के एक फैन ने कहा, "इस बार ऐसे संयोग नजर आ रहे हैं कि आरसीबी विजेता बनने जा रही है. काफी दिनों बाद एक बहुत बड़ी खुशी हमारे कर्नाटक के लोगों को मिली है. आरसीबी के चाहने वाले देश-विदेश में हैं. चाहे लखनऊ हो, असम हो, कोलकाता हो या फिर दिल्ली हो, जहां-जहां मैच हुए हमने हजारों की संख्या में आरसीबी के फैंस को अपनी टीम को चीयर्स करते हुए देखा है. ये सिर्फ एक राज्य की ही क्रिकेट टीम नहीं है, पूरे देश की क्रिकेट टीम है. पूरे देश की जो सबसे चहेती टीम है, वो विराट कोहली की बनाई आरसीबी है."

एक और फैन ने कहा, "हमने 33 कोटि देवी-देवताओं से प्रार्थना की है कि 2025 का कप आरसीबी के हाथों में हो. रात 12 बजे हम फिर एक बार कप के साथ सेलिब्रेट करेंगे. इस बार संयोग यही लग रहे है कि आरसीबी जीतेगी. हमने इस जीत को मजबूत करने के लिए 33 करोड़ देवी-देवताओं से प्रार्थना की है."

बता दें कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने नौ साल बाद फाइनल में जगह बनाई है. टीम को इससे पहले साल 2019, 2011 और 2016 का फाइनल खेलने का मौका मिला, लेकिन ट्रॉफी नहीं जीत सकी. हेड टू हेड की बात करें तो आईपीएल इतिहास में आरसीबी और पंजाब किंग्स के बीच अब तक 36 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें दोनों ही टीमें 18-18 मैच जीत चुकी हैं.

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 03, 2025 03:31 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).