क्रिकेट

Shreyas Iyer Captaincy Records: सूर्यकुमार यादव के बाद श्रेयस अय्यर होंगे टी इंडिया के नए 'सरपंच'? बतौर कप्तान कुछ ऐसा रहा हैं प्रदर्शन

श्रेयस अय्यर का कप्तानी रिकॉर्ड इस बात का प्रमाण है कि वह सिर्फ एक बेहतरीन बल्लेबाज ही नहीं बल्कि एक सफल और दूरदर्शी कप्तान भी हैं. यही वजह है कि उन्हें आईपीएल इतिहास के सबसे प्रभावशाली कप्तानों में गिना जाता है.

Shreyas Iyer Captaincy Records: सूर्यकुमार यादव के बाद श्रेयस अय्यर होंगे टी इंडिया के नए 'सरपंच'? बतौर कप्तान कुछ ऐसा रहा हैं प्रदर्शन
श्रेयस अय्यर (Photo Credit: X Formerly Twitter)

Shreyas Iyer Captaincy Records: भारतीय क्रिकेट टीम के अगले टी20 कप्तान को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है. खबरें हैं कि मौजूदा कप्तान सूर्यकुमार यादव की जगह श्रेयस अय्यर को टीम इंडिया की कमान सौंपी जा सकती है. हालांकि इस पर अंतिम फैसला अभी लिया जाना बाकी है. चयनकर्ताओं और बीसीसीआई के बीच इस मुद्दे पर चर्चा जारी है और जल्द ही आधिकारिक घोषणा भी की जा सकती है. दिलचस्प बात यह है कि जिन श्रेयस अय्यर को टी20 टीम का कप्तान बनाए जाने की चर्चा चल रही है, उन्होंने लंबे समय से भारत के लिए कोई टी20 इंटरनेशनल मुकाबला नहीं खेला है. ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि जो खिलाड़ी लगातार टीम का हिस्सा हैं, उन्हें नजरअंदाज कर टीम से बाहर चल रहे खिलाड़ी को कप्तानी सौंपना कितना सही फैसला होगा. इसका जवाब आने वाले समय में ही मिल पाएगा. यह भी पढ़ें: IND vs AFG Test: अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट में भारतीय खिलाड़ी बना सकते हैं कई बड़े रिकॉर्ड, केएल राहुल और शुभमन गिल के पास इतिहास रचने का मौका

साल 2017 में किया था टी20 इंटरनेशनल डेब्यू, 2023 में खेला आखिरी मैच

श्रेयस अय्यर ने भारतीय टीम के लिए नवंबर 2017 में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना टी20 इंटरनेशनल डेब्यू किया था. वहीं उन्होंने अब तक का आखिरी टी20 इंटरनेशनल मुकाबला दिसंबर 2023 में खेला था. इसके बाद से वह इस फॉर्मेट में टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं बने हैं. आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 से पहले भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज खेली गई थी. उस सीरीज के शुरुआती तीन मुकाबलों के लिए श्रेयस अय्यर को टीम में शामिल किया गया था, लेकिन उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला. दरअसल, वह तिलक वर्मा के रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में आए थे, लेकिन अंतिम एकादश में जगह नहीं बना सके.

अब तक 9 साल के टी20 इंटरनेशनल करियर में ऐसा रहा प्रदर्शन

श्रेयस अय्यर ने अपने लगभग नौ साल लंबे टी20 इंटरनेशनल करियर में 51 मुकाबले खेले हैं. इस दौरान उन्होंने 1104 रन बनाए हैं. उनका बल्लेबाजी औसत 30.66 का रहा है, जबकि स्ट्राइक रेट 136.12 का है. श्रेयस के नाम टी20 इंटरनेशनल में कोई शतक नहीं है, लेकिन उन्होंने आठ अर्धशतकीय पारियां जरूर खेली हैं. मध्यक्रम में बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने कई बार टीम इंडिया के लिए अहम योगदान दिया है.

आईपीएल में लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं श्रेयस

भले ही श्रेयस अय्यर पिछले कुछ समय से टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से दूर रहे हों, लेकिन आईपीएल में उनका प्रदर्शन लगातार शानदार रहा है. साल 2024 में उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स की कप्तानी करते हुए टीम को खिताब जिताया था. उस सीजन में उन्होंने 15 मैचों में 351 रन बनाए थे. इसके बाद वह पंजाब किंग्स से जुड़े और टीम की कप्तानी संभाली. आईपीएल 2025 में उन्होंने 17 मैचों में 604 रन बनाए. वहीं आईपीएल 2026 में भी उनका बल्ला जमकर बोला और उन्होंने 14 मुकाबलों में 498 रन बनाए. आईपीएल करियर का उनका पहला शतक भी इसी सीजन में आया.

भारतीय क्रिकेट टीम और पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के इतिहास के सबसे सफल और रणनीतिक कप्तानों में गिना जाता है. अपनी शांत नेतृत्व शैली, बेहतरीन फैसलों और खिलाड़ियों को एकजुट रखने की क्षमता के दम पर अय्यर ने कप्तान के रूप में एक अलग पहचान बनाई है. आईपीएल में बतौर कप्तान उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है और उन्होंने कई ऐतिहासिक उपलब्धियां अपने नाम की हैं.

श्रेयस अय्यर का आईपीएल में बतौर कप्तान जीत प्रतिशत 59 प्रतिशत से अधिक है. उन्होंने अब तक 93 मुकाबलों में कप्तानी की है, जिसमें उनकी टीम ने 55 मैच जीते हैं. यह रिकॉर्ड उन्हें 50 या उससे अधिक मैचों में कप्तानी करने वाले कप्तानों में सबसे सफल नेताओं की सूची में शामिल करता है.

तीन अलग-अलग टीमों को फाइनल और प्लेऑफ में पहुंचाने वाले पहले कप्तान

श्रेयस अय्यर आईपीएल इतिहास के इकलौते कप्तान हैं जिन्होंने तीन अलग-अलग फ्रेंचाइजी को प्लेऑफ या फाइनल तक पहुंचाने का कारनामा किया है. उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स, कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स के साथ यह उपलब्धि हासिल की है.

दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी करते हुए अय्यर ने टीम को 2019 और 2020 में प्लेऑफ तक पहुंचाया. वहीं साल 2020 में दिल्ली कैपिटल्स ने पहली बार आईपीएल फाइनल में जगह बनाई थी. इस दौरान उन्होंने 41 मैचों में कप्तानी की, जिसमें 23 जीत और 18 हार मिली. उनका जीत प्रतिशत 56.1 रहा.

कोलकाता नाइट राइडर्स को दिलाया आईपीएल खिताब

श्रेयस अय्यर ने कोलकाता नाइट राइडर्स की कप्तानी करते हुए टीम को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया. उन्होंने 30 मुकाबलों में कप्तानी की, जिसमें 17 मैच जीते और 11 में हार का सामना किया. उनका जीत प्रतिशत 56.6 रहा. अय्यर की कप्तानी में कोलकाता नाइट राइडर्स ने साल 2024 में आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम की.

पंजाब किंग्स के साथ भी दिखाया कमाल

पंजाब किंग्स की कप्तानी संभालने के बाद भी श्रेयस अय्यर का शानदार प्रदर्शन जारी रहा. उन्होंने 22 मुकाबलों में टीम की अगुवाई करते हुए 15 जीत हासिल कीं, जबकि केवल 7 मैचों में हार मिली. इस दौरान उनका जीत प्रतिशत 68.2 रहा, जो उनके कप्तानी करियर का सर्वश्रेष्ठ आंकड़ा है. उनकी कप्तानी में पंजाब किंग्स प्लेऑफ और फाइनल तक पहुंचने में सफल रही.

घरेलू क्रिकेट और टीम इंडिया में भी छोड़ी छाप

आईपीएल के अलावा श्रेयस अय्यर ने घरेलू क्रिकेट में भी अपनी कप्तानी का लोहा मनवाया है. उन्होंने साल 2024 में मुंबई की कप्तानी करते हुए सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का खिताब जिताया था. उस टूर्नामेंट में उनका जीत प्रतिशत 88 फीसदी रहा.

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी अय्यर ने समय-समय पर भारतीय टीम की कप्तानी की है. उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में युवा भारतीय टीम का नेतृत्व किया था. इसके अलावा कई टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में भी कप्तानी की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं.

श्रेयस अय्यर का बतौर कप्तान रिकॉर्ड

फ्रेंचाइजी मैच जीत हार जीत प्रतिशत
दिल्ली कैपिटल्स (2018-20) 41 23 18 56.1%
कोलकाता नाइट राइडर्स (2022-24) 30 17 11 56.6%
पंजाब किंग्स (2025-26) 22 15 7 68.2%
कुल आईपीएल करियर 93 55 36 59.1%

मुख्य उपलब्धियां:

तीन अलग-अलग फ्रेंचाइजी (दिल्ली कैपिटल्स, कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स) को प्लेऑफ/फाइनल तक पहुंचाने वाले पहले कप्तान.

कोलकाता नाइट राइडर्स को आईपीएल 2024 का खिताब जिताया.

पंजाब किंग्स को प्लेऑफ और फाइनल तक पहुंचाया.

50+ मैचों में कप्तानी करने वाले कप्तानों में सबसे बेहतर जीत प्रतिशत (59.1%) रखने वाले कप्तानों में शामिल.

श्रेयस अय्यर का कप्तानी रिकॉर्ड इस बात का प्रमाण है कि वह सिर्फ एक बेहतरीन बल्लेबाज ही नहीं बल्कि एक सफल और दूरदर्शी कप्तान भी हैं. यही वजह है कि उन्हें आईपीएल इतिहास के सबसे प्रभावशाली कप्तानों में गिना जाता है.

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 04, 2026 09:15 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).