देश

'INR 370 Biryani' Controversy: '₹370 की बिरयानी' विवाद मामले में महाराष्ट्र सरकार ने कॉमेडियन प्रणीत मोरे के वीडियो की जांच के दिए आदेश, मेडिकल छात्रा को छुट्टी पर भेजा

स्टैंड-अप कॉमेडियन प्रणीत मोरे के शो के दौरान '₹370 की बिरयानी' वाले वायरल वीडियो पर महाराष्ट्र सरकार ने बड़ा एक्शन लिया है. गृह विभाग ने प्रणीत मोरे के सभी सोशल मीडिया वीडियो की गहन जांच के आदेश साइबर पुलिस को दिए हैं. वहीं, शो से जुड़ीं एक मेडिकल छात्रा को अस्पताल प्रबंधन ने जबरन छुट्टी पर भेज दिया है.

'INR 370 Biryani' Controversy: '₹370 की बिरयानी' विवाद मामले में महाराष्ट्र सरकार ने कॉमेडियन प्रणीत मोरे के वीडियो की जांच के दिए आदेश, मेडिकल छात्रा को छुट्टी पर भेजा
प्रणित मोरे (Photo Credits: X@Rj_pranit)

'INR 370 Biryani' Controversy: स्टैंड-अप कॉमेडियन प्रणीत मोरे (Stand-Up Comedian Praneet More) के शो के दौरान की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर शुरू हुआ '₹370 की बिरयानी' विवाद ('INR 370 Biryani' Controversy) अब और गहरा गया है. महाराष्ट्र (Maharashtra) के गृह विभाग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कॉमेडियन के सभी सोशल मीडिया (Social Media) अकाउंट्स और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर मौजूद वीडियो सामग्री की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं. इस जांच की जिम्मेदारी महाराष्ट्र साइबर पुलिस (Maharashtra Cyber ​​Police) को सौंपी गई है, जो प्रणीत मोरे के पुराने शो, वायरल क्लिप और अन्य ऑनलाइन कंटेंट की बारीकी से समीक्षा करेगी. यह भी पढ़ें: वायरल '₹370 की बिरयानी' टिप्पणी पर हिमांशु जांगड़ा ने तोड़ी चुप्पी, पूर्व बॉस के साथ बातचीत का वीडियो आया सामने (Watch Video)

प्रणीत मोरे ने मांगी माफी, कहा— "मैं इस नफरत के काबिल हूँ"

चौतरफा आलोचनाओं और कानूनी शिकंजे के बीच कॉमेडियन प्रणीत मोरे ने शनिवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है. उन्होंने स्वीकार किया कि शो के दौरान जब आपत्तिजनक बातें कही जा रही थीं, तब हस्तक्षेप न करना उनकी सबसे बड़ी भूल थी.

प्रणीत मोरे ने इंस्टाग्राम पर कहा, "मेरा अकाउंट सस्पेंड होने के कारण मैं देर से बात कर पा रहा हूँ. सोशल मीडिया पर जो क्राउड-वर्क वीडियो वायरल हो रहा है, उसके कारण मुझे काफी आलोचनाएं मिल रही हैं और मुझे लगता है कि मैं इस नफरत के काबिल हूँ. शो के दौरान उस व्यक्ति ने बेहद गरिमाहीन टिप्पणियां की थीं. वहां मौजूद हर कोई हंस रहा था और मैं भी उसी माहौल में बह गया.  मुझे उसी वक्त स्टैंड लेना चाहिए था, लेकिन मुझसे चूक हो गई." उन्होंने जनता से अपनी इस गलती के लिए एक और मौका देने की अपील की है.

राष्ट्रीय महिला आयोग ने थमाया समन

इस पूरे विवाद की शुरुआत तब हुई जब गुरुग्राम में आयोजित एक स्टैंड-अप शो का वीडियो वायरल हुआ. वीडियो में वेब डेवलपर हिमांशु जांगड़ा ने अपनी एक डेट का जिक्र करते हुए कहा था कि उसने एक महिला की बिरयानी पर ₹370 खर्च किए हैं, इसलिए वह उस पैसे को 'वासूल' करेगा.

इस वीडियो को सोशल मीडिया पर गंभीर रूप से लिया गया और आरोप लगाया गया कि यह टिप्पणी महिलाओं के खिलाफ गैर-सहमति वाले शारीरिक व्यवहार (यौन उत्पीड़न) को बढ़ावा देती है. मामले का संज्ञान लेते हुए राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने गुरुवार को कॉमेडियन प्रणीत मोरे और हिमांशु जांगड़ा दोनों को समन जारी कर तलब किया है.

मेडिकल छात्रा सेजल पवार को भेजा गया 'जबरन लीव' पर

इस विवाद की आंच अब शो में शामिल हुए अन्य लोगों तक भी पहुंच गई है. मुंबई के प्रतिष्ठित केईएम (KEM) अस्पताल और सेठ जी.एस. मेडिकल कॉलेज ने शनिवार को अपनी एक एमबीबीएस (MBBS) छात्रा सेजल पवार को 15 दिनों की जबरन छुट्टी पर भेज दिया है.

आरोप है कि सेजल पवार भी उसी स्टैंड-अप कॉमेडी शो में मौजूद थीं और वायरल वीडियो में वे कथित तौर पर आपत्तिजनक और अशोभनीय टिप्पणियां करती नजर आ रही थीं. वीडियो के सामने आने के बाद कॉलेज और अस्पताल प्रबंधन ने अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें अवकाश पर भेजने का फैसला किया. फिलहाल, महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने इस पूरे नेक्सस की जांच शुरू कर दी है.

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 14, 2026 02:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).