देश

Himachal Pradesh Landslide: लाहौल-स्पीति में पहाड़ बना काल, चलती गाड़ी पर गिरीं विशाल चट्टानें; 6 महीने के मासूम समेत 13 की मौत

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 26 जुलाई तक हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है. वहीं मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने लाहौल-स्पीति के उपायुक्त को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्यों की निगरानी करने और मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता तथा घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं.

Himachal Pradesh Landslide: लाहौल-स्पीति में पहाड़ बना काल, चलती गाड़ी पर गिरीं विशाल चट्टानें; 6 महीने के मासूम समेत 13 की मौत

Himachal Pradesh Landslide: हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले में शुक्रवार को दिल दहला देने वाला हादसा हुआ. भारी बारिश के बीच पहाड़ से विशाल चट्टानें गिरने से एक टाटा सूमो वाहन मलबे की चपेट में आ गया. इस दर्दनाक हादसे में 6 महीने के मासूम सहित 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहे. हादसा करुनाला (Karunallah) के पास उदयपुर-पांगी मार्ग पर हुआ.

जानकारी के मुताबिक वाहन में चालक समेत कुल 15 लोग सवार थे. सभी कुल्लू से पांगी घाटी की ओर जा रहे थे. पहाड़ से अचानक भारी चट्टानें गिरने के बाद वाहन पूरी तरह मलबे में दब गया और उसमें आग भी लग गई. हादसे के तुरंत बाद सीमा सड़क संगठन (BRO), पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमों ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया.

हिमाचल प्रदेश में चट्टानों के भारी भूस्खलन की चपेट में आया वाहन

दो यात्रियों ने कूदकर बचाई जान

पुलिस के अनुसार, हादसे के दौरान वाहन में सवार दो यात्री समय रहते बाहर कूद गए, जिससे उनकी जान बच गई. बाकी 13 लोग चट्टानों और मलबे की चपेट में आ गए. मृतकों में एक 6 महीने का शिशु भी शामिल है.

सड़क खुलते ही रवाना हुआ था वाहन

बताया गया कि भूस्खलन के कारण उदयपुर-किलाड़ मार्ग एक दिन पहले बंद था, जिससे सभी यात्री टिंडी में फंसे हुए थे. सड़क खुलने के बाद वाहन पांगी के लिए रवाना हुआ, लेकिन करुनाला के पास यह बड़ा हादसा हो गया.

भारी बारिश के बीच राहत कार्य जारी

लाहौल-स्पीति पुलिस, जिला प्रशासन और BRO की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव अभियान शुरू किया. हालांकि लगातार बारिश और ऊपर से गिरते मलबे के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है.

26 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 26 जुलाई तक हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है. वहीं मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने लाहौल-स्पीति के उपायुक्त को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्यों की निगरानी करने और मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता तथा घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं.

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 24, 2026 07:57 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).