Hardoi Shocker: जमीनी विवाद को लेकर बीच सड़क पर 'महाभारत': बहू ने सास को चप्पलों से पीटा, देवर ने भाभी पर पाइप से किया हमला (Watch Video)
उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां घरेलू विवाद इतना बढ़ गया कि देवर-भाभी के बीच जमकर मारपीट हुई और बीच-बचाव करने आई बुजुर्ग सास को भी बहू ने बुरी तरह जूतों-चप्पलों से पीट दिया.
Hardoi Shocker: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां घरेलू विवाद इतना बढ़ गया कि देवर-भाभी के बीच जमकर मारपीट हुई और बीच-बचाव करने आई बुजुर्ग सास को भी बहू ने बुरी तरह जूतों-चप्पलों से पीट दिया. यह पूरा मामला हरपालपुर थाना क्षेत्र के मिघोली गांव का है और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. जानकारी के मुताबिक, मिघोली गांव निवासी हरिओम की पत्नी प्रियंका का अपने दिव्यांग देवर शिवओम के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि प्रियंका ने देवर को चप्पलों से पीटना शुरू कर दिया. जवाब में शिवओम ने भी झाड़ू के पाइप से प्रियंका पर हमला किया.
इसी दौरान घर की बुजुर्ग सास कुसुमा ने जब बीच-बचाव करने की कोशिश की तो प्रियंका ने गुस्से में आकर अपनी ही सास पर भी जूतों और चप्पलों की बौछार कर दी.
जमीनी विवाद को लेकर बीच सड़क पर 'महाभारत' (चेतावनी: विचलित करने वाला वीडियो, अपमानजनक सामग्री)
किसी ने नहीं किया बीच-बचाव
काफी देर तक घर में हंगामा चलता रहा. वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि देवर-भाभी एक-दूसरे पर हाथापाई कर रहे हैं और बहू बार-बार अपनी सास को भी पीट रही है. आसपास के लोग इस नजारे को देखते रहे, लेकिन किसी ने भी बीच-बचाव करने की हिम्मत नहीं दिखाई.
थानें पहुंचा घर का झगड़ा
मामला सिर्फ झगड़े तक ही नहीं रुका. घटना के अगले दिन यानी 14 जुलाई को प्रियंका ने कोतवाली हरपालपुर में अपने देवर शिवओम, जेठ सुआलाल और उनके बेटों नन्हे और दुन्नी के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज करा दिया. हालांकि दूसरी तरफ जेठ सुआलाल का कहना है कि उनका परिवार तो मौके पर मौजूद ही नहीं था और उन पर झूठा आरोप लगाया गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस रात में उनके घर आई और उनके परिवार के साथ गाली-गलौज व अभद्रता की.
जमीन का बंटवारा है विवाद की जड़
परिवार के लोगों का कहना है कि इस पूरे विवाद की जड़ जमीन का बंटवारा है. पिछले कुछ समय से घर में संपत्ति को लेकर खींचतान चल रही थी और उसी रंजिश के चलते यह झगड़ा इतना बढ़ गया. वहीं पुलिस ने भी इस मामले की पुष्टि की है और बताया है कि मारपीट की घटना का वीडियो सामने आया है, जिसकी जांच की जा रही है. फिलहाल दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप के बीच पुलिस मामले की गहराई से जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई सबूतों के आधार पर की जाएगी.
आपसी विवाद ने रिश्तों की मर्यादा तोड़ी
गांव के लोग इस घटना से हैरान हैं कि आपसी विवाद ने रिश्तों की मर्यादा तक तोड़ दी. खासकर बुजुर्ग सास को चप्पलों से पीटने का दृश्य देखकर लोग स्तब्ध रह गए. फिलहाल सोशल मीडिया पर यह वीडियो जमकर वायरल हो रहा है और लोग इस घटना पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.