FIR Against Kunal Kamra: कॉमेडियन कुणाल कामरा की बढ़ी मुश्किलें, महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे पर अभद्र टिप्पणी मामले में एफआईआर दर्ज
कॉमेडियन कुणाल कामरा का महाराष्ट्र की राजनीति पर तंज और डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे का बिना नाम लिए किए गए कमेंट के बाद बवाल मच गया है. कॉमेडियन कुणाल कामरा के खिलाफ मुंबई के एमआईडीसी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है.
FIR Against Kunal Kamra: कॉमेडियन कुणाल कामरा का महाराष्ट्र की राजनीति पर तंज और डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे का बिना नाम लिए किए गए कमेंट के बाद बवाल मच गया है. कॉमेडियन कुणाल कामरा के खिलाफ मुंबई के एमआईडीसी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है. मुंबई पुलिस के मुताबिक, एमआईडीसी पुलिस स्टेशन में बीएनएस की धारा 353(1)(बी), 353(2) और 356(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है.शिवसेना के विधायक मुरजी पटेल ने एमआईडीसी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराया है.
तोड़फोड़ मामले में शिवसेना के नेता राहुल कनाल के खिलाफ भी केस दर्ज
इससे पहले एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के नेता राहुल कनाल के खिलाफ मुंबई के खार पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया. मुंबई के खार स्थित द यूनिकॉन्टिनेंटल ऑफिस में शिव सैनिकों के साथ विरोध प्रदर्शन किया गया था। इस दौरान तोड़फोड़ भी की गई थी, जिसके बाद खार पुलिस स्टेशन ने करीब 20 से ज्यादा लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था. यह भी पढ़े: Kunal Kamra on Eknath Shinde: एकनाथ शिंदे को लेकर कुणाल कामरा की टिप्पणी पर महाराष्ट्र में बवाल, राहुल कणाल समेत 19 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज: VIDEO
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मचा बवाल
बता दें कि कॉमेडियन कुणाल कामरा का रविवार को एक वीडियो सोशल मीडिया पर आने के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में बवाल मच गया है. वीडियो में कुणाल कामरा ने बिना नाम लिए महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे पर टिप्पणी की थी. इस दौरान शिवसेना कार्यकर्ताओं ने मुंबई के द यूनिकॉन्टिनेंटल ऑफिस पहुंचकर तोड़फोड़ की.
शिकायत के अनुसार, कामरा ने कार्यक्रम के दौरान एकनाथ शिंदे को निशाना बनाते हुए एक गाना गाया, जिसे शिंदे सेना ने आपत्तिजनक बताया. शिवसेना कार्यकर्ताओं का दावा है कि इसी जगह पर वीडियो शूट किया गया था, जिसके बाद उन्होंने यहां हंगामा करते हुए सामान को तोड़ दिया. पुलिस ने बताया कि शिवसेना कार्यकर्ताओं ने मुंबई के खार इलाके स्थित क्लब में तोड़फोड़ की, जहां कामरा के विवादित शो को फिल्माया गया था.
एकनाथ शिंदे को लेकर उड़ाया मजाक
कुणाल कामरा ने 'दिल तो पागल है' के एक हिंदी गाने की तर्ज पर पूर्व सीएम एकनाथ शिंदे का मजाक उड़ाया. कॉमेडियन ने सोशल नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो क्लिप शेयर की. कुणाल कामरा ने एकनाथ शिंदे की 2022 की बगावत का जिक्र किया, जिसके कारण शिवसेना शिंदे गुट और उद्धव ठाकरे गुट में विभाजित हो गई थी.
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 24, 2025 09:12 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

