देश

‘DM Uncle, Please Fix My Road’:' डीएम अंकल, मेरी सड़क बनवा दीजिए': पहली कक्षा की छात्रा की अपील पर यूपी प्रशासन हरकत में, जिला अधिकारी ने दिए मरम्मत के निर्देश

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में पहली कक्षा की छात्रा मानवी सिंह का वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की. डीएम अंजनी कुमार सिंह ने खुद गांव का दौरा कर सड़क मरम्मत के आदेश दिए.

‘DM Uncle, Please Fix My Road’:' डीएम अंकल, मेरी सड़क बनवा दीजिए': पहली कक्षा की छात्रा की अपील पर यूपी प्रशासन हरकत में, जिला अधिकारी ने दिए मरम्मत के निर्देश

‘DM Uncle, Please Fix My Road’:' उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में सोशल मीडिया की ताकत और एक मासूम की ईमानदारी ने बरसों से खराब पड़ी सड़क की किस्मत बदल दी. सलेमपुर कोण इलाके की रहने वाली 6 वर्षीय मानवी सिंह, जो पहली कक्षा में पढ़ती है, ने अपने घर के पास जलभराव और जर्जर सड़क की समस्या को लेकर एक वीडियो बनाया था. वीडियो में मानवी ने सीधे जिले के जिलाधिकारी (DM) अंजनी कुमार सिंह को संबोधित करते हुए कहा था, "डीएम अंकल, आप बहुत अच्छे हैं, प्लीज मेरे घर के पास की सड़क ठीक करवा दीजिए." यह वीडियो वायरल होते ही प्रशासन हरकत में आ गया.

डीएम ने खुद किया गांव का दौरा

वीडियो के संज्ञान में आते ही डीएम अंजनी कुमार सिंह अधिकारियों की टीम के साथ सलेमपुर कोण गांव पहुंचे. उन्होंने मौके पर जाकर देखा कि मानवी के घर को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाला रास्ता ईंटों का बना है, जो जगह-जगह से ऊंचा-नीचा हो गया है. बारिश के पानी और जल निकासी की व्यवस्था न होने के कारण वहां भारी जलभराव था, जिससे स्कूली बच्चों और स्थानीय निवासियों को आने-जाने में काफी परेशानी हो रही थी.

बच्ची की DM से गुजारिश के वीडियो

मौके पर दिए मरम्मत के आदेश

निरीक्षण के दौरान डीएम ने मानवी और उसके परिवार से मुलाकात की. उन्होंने बच्ची की पहल की सराहना की और उसे बिस्किट व मिठाई भी भेंट की. जिलाधिकारी ने तत्काल प्रभाव से सड़क की मरम्मत और जल निकासी दुरुस्त करने के निर्देश दिए. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट किया कि इस कार्य में कोई देरी नहीं होनी चाहिए ताकि जनता को जल्द राहत मिल सके.

अनियोजित विकास पर प्रशासन की चेतावनी

सड़क मरम्मत के आदेश देने के साथ ही डीएम ने इलाके में हो रहे अनियोजित विकास (Unplanned Development) पर चिंता जताई. उन्होंने पाया कि अवैध प्लॉटिंग और बिना किसी ड्रेनेज प्लान के घर बनाने की वजह से ही ऐसी समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं. प्रशासन ने निवासियों को सलाह दी कि वे कोई भी प्लॉट खरीदने से पहले वहां सड़क, बिजली और नाली जैसी बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता की जांच जरूर करें.

 बच्ची इस स्कूल में पढ़ती है

यह सड़क सलेमपुर कोण के सरकारी पॉलिटेक्निक स्कूल के पास स्थित है और इलाके के सामुदायिक शौचालय व आयुष्मान केंद्र जैसे महत्वपूर्ण केंद्रों को जोड़ती है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सड़क लंबे समय से खराब थी, लेकिन मानवी के एक छोटे से वीडियो ने वो काम कर दिखाया जो कई शिकायतों के बाद भी नहीं हो पाया था. यह घटना प्रशासनिक संवेदनशीलता और जवाबदेही का एक सकारात्मक उदाहरण बनकर उभरी है.

(The above story first appeared on LatestLY on May 06, 2026 12:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).