देश

Mumbai Horror: कैब में महिला पायलट के साथ गंदी हरकत, ड्राइवर ने रास्ता बदलकर बिठाए थे दो अजनबी; आरोपियों की तलाश जारी

मायानगरी मुंबई में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां कैब में यात्रा कर रही एक महिला पायलट के साथ छेड़छाड़ की गई. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना गुरुवार रात की है, जब महिला अपने पति से मिलकर घर लौट रही थी.

Mumbai Horror: कैब में महिला पायलट के साथ गंदी हरकत, ड्राइवर ने रास्ता बदलकर बिठाए थे दो अजनबी; आरोपियों की तलाश जारी
(Photo Credits Twitter)

Mumbai Shocker: मायानगरी मुंबई में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां कैब में यात्रा कर रही एक महिला पायलट के साथ छेड़छाड़ की गई. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना गुरुवार रात की है, जब महिला अपने पति से मिलकर घर लौट रही थी. महिला पायलट अपने पति से मिलने छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) स्टेशन आई थी. रात करीब 10:45 बजे उसके पति ने फोर्ट इलाके से एक एग्रीगेटर कैब बुक की ताकि वह सुरक्षित अपने घर पहुंच सके. महिला कैब में बैठ गई और यात्रा शुरू हो गई, लेकिन 25 मिनट बाद जो हुआ वह किसी भी महिला के लिए एक बुरा सपना बन सकता है.

एफआईआर के अनुसार, कैब ड्राइवर ने अचानक रास्ता बदल दिया और फिर एक जगह गाड़ी रोककर दो अजनबी लोगों को कैब में बिठा लिया. एक व्यक्ति सामने की सीट पर बैठा और दूसरा महिला के बगल में पीछे बैठ गया. दोनों की उम्र 25 से 30 साल के बीच बताई जा रही है.

ये भी पढें: OMG! पेट में ₹11.39 करोड़ की कोकीन छिपाकर ला रहा था शख्स, मुंबई एयरपोर्ट पर हुआ गिरफ्तार; जांच में जुटा कस्टम विभाग

पुलिस को देखकर भाग गए आरोपी

महिला ने बताया कि पीछे बैठा युवक उसका हाथ पकड़कर पीछे की ओर मोड़ने लगा. जब उसने डर से चिल्लाना शुरू किया, तो सामने बैठे युवक ने उसे धमकाया और चुप रहने को कहा. इसके बाद वह युवक महिला की जांघ पर हाथ रखने लगा. ड्राइवर इन सब हरकतों के दौरान चुपचाप गाड़ी चलाता रहा. कुछ देर बाद रास्ते में पुलिस की नाकाबंदी (nakabandi) दिखाई दी, तो ड्राइवर ने गाड़ी धीमी कर दी. इसी का फायदा उठाकर दोनों अजनबी तुरंत कैब से उतरकर भाग गए.

उस वक्त बारिश भी हो रही थी, जिससे कैब के शीशे पर पानी जमा था और महिला को बाहर कुछ साफ-साफ नहीं दिखा. साथ ही, मुंबई की सड़कों से महिला ज्यादा परिचित नहीं थीं, इसलिए उन्हें पता नहीं चला कि वह कहां थीं.

पीड़िता ने थाने में दर्ज कराई FIR

इसके बाद ड्राइवर महिला को उसके पते पर छोड़ आया. जब महिला ने पूछा कि उसने उन अजनबियों को क्यों बिठाया, तो ड्राइवर चुप रहा. महिला डर और घबराहट में थी, फिर भी उसने 530 रुपये का किराया दिया और कैब से उतर गई.

अगले दिन यानी शुक्रवार रात को महिला अपने पति के साथ पुलिस स्टेशन पहुंची और मामला दर्ज कराया गया. शनिवार तड़के करीब 1 बजे एफआईआर दर्ज हुई. पुलिस ने कैब ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है और जांच जारी है.

 

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 23, 2025 08:32 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).