अहमदाबाद मेट्रो के विस्तार को केंद्र की मंजूरी: GIFT सिटी से शाहपुर के बीच दौड़ेगी मेट्रो, 1,067 करोड़ रुपये का बजट पास

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट ने अहमदाबाद मेट्रो के विस्तार को हरी झंडी दे दी है. 1,067 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह नया कॉरिडोर GIFT सिटी और अहमदाबाद के शाहपुर इलाके को जोड़ेगा.

प्रतीकात्मक तस्वीर (File Image)

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) के नेतृत्व में केंद्रीय कैबिनेट ने मंगलवार (24 फरवरी 2026) को गुजरात (Gujarat)  के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए एक बड़ा फैसला लिया है. सरकार ने अहमदाबाद मेट्रो (Ahmedabad Metro) के उत्तर-दक्षिण कॉरिडोर के विस्तार के लिए 1,067.35 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दे दी है. यह विस्तार गिफ्ट सिटी (GIFT City) को अहमदाबाद के शाहपुर इलाके (Shahpur) से जोड़ेगा, जिससे क्षेत्र में कनेक्टिविटी और व्यापार को नई रफ्तार मिलेगी. यह भी पढ़ें: Meerut Metro Flags Off: PM मोदी ने मेरठ मेट्रो और नमो भारत ट्रेन को दिखाई हरी झंडी, छात्रों के साथ किया सफर; देखें VIDEO

परियोजना का स्वरूप और समय सीमा

कैबिनेट द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, मेट्रो का यह विस्तारित हिस्सा लगभग 3.33 किलोमीटर लंबा होगा. इसमें तीन ऊंचे (एलिवेटेड) स्टेशन बनाए जाएंगे. इस प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए चार साल का समय निर्धारित किया गया है. इसका क्रियान्वयन गुजरात मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (GMRC) द्वारा किया जाएगा, जो केंद्र और गुजरात सरकार की 50:50 की हिस्सेदारी वाली एक संयुक्त उद्यम कंपनी है.

हजारों यात्रियों को मिलेगा लाभ

मेट्रो के इस विस्तार से भविष्य में यात्रियों की संख्या में भारी बढ़ोतरी की उम्मीद है. अनुमान के मुताबिक:

वर्तमान में अहमदाबाद मेट्रो के फेज-1 और फेज-2 का संचालन सफलतापूर्वक हो रहा है, जिसमें रोजाना लगभग 1.60 लाख यात्री सफर करते हैं. शाहपुर तक विस्तार होने से अहमदाबाद और गिफ्ट सिटी के बीच यात्रा और भी सुगम हो जाएगी.

रोजगार के नए अवसरों का सृजन

कैबिनेट ने स्पष्ट किया है कि इस प्रोजेक्ट से न केवल यातायात सुधरेगा, बल्कि रोज़गार के अवसर भी पैदा होंगे. निर्माण कार्य के दौरान लगभग 1,000 लोगों को नौकरी मिलने की संभावना है. वहीं, निर्माण कार्य पूरा होने के बाद ऑपरेशन और मेंटेनेंस (O&M) के लिए करीब 250 लोगों को स्थायी रोज़गार मिलेगा. इसके अलावा, परोक्ष रूप से भी बड़ी संख्या में लोग इससे लाभान्वित होंगे. यह भी पढ़ें: Aalin Sherin Abraham कौन थीं? PM मोदी ने मान की बात में केरल की सबसे युवा डोनर को किया याद, दी श्रद्धांजलि

GIFT सिटी की बढ़ती ताकत

यह मंजूरी ऐसे समय में आई है जब गिफ्ट सिटी अंतरराष्ट्रीय व्यापार के केंद्र के रूप में तेजी से उभर रहा है. हाल ही में 22 फरवरी को 'गिफ्ट निफ्टी' (GIFT Nifty) ने अपना अब तक का सबसे बड़ा रिकॉर्ड बनाया है. एक ही दिन में 4,57,989 कॉन्ट्रैक्ट्स का कारोबार हुआ, जिसका कुल टर्नओवर 23.48 बिलियन डॉलर (लगभग 2.13 लाख करोड़ रुपये) रहा.

मेट्रो कनेक्टिविटी बढ़ने से यहाँ स्थित बहुराष्ट्रीय कंपनियों, शैक्षणिक संस्थानों और वाणिज्यिक केंद्रों के कर्मचारियों व छात्रों को सीधे तौर पर फायदा होगा, जिससे व्यापारिक और शैक्षणिक गतिविधियों को नया बल मिलेगा.

Share Now

\