Aligarh Hospital Murder News: अलीगढ़ में अस्पताल में घुसकर युवक की हत्या, बेटी की शादी तुड़वाने से नाराज पिता ने बेड पर लड़के को मारी गोली; VIDEO
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में एक निजी अस्पताल में भर्ती युवक वेदपाल की गोली मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक युवती की शादी बार-बार तुड़वा रहा था, जिससे तंग आकर युवती के पिता और भाई ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया.
Aligarh Hospital Murder News: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. मैरिस रोड स्थित रेणुका अस्पताल में भर्ती वेदपाल नाम के युवक की सोमवार रात बेड पर ही गोली मारकर हत्या कर दी गई. गंभीर रूप से घायल वेदपाल ने मंगलवार को जेएन मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. पुलिस की शुरुआती जांच में यह मामला प्रेम प्रसंग और पुरानी रंजिश से जुड़ा पाया गया है. इस मामले में पुलिस ने युवती के पिता को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि हमलावर भाई की तलाश जारी है.
विवाद की शुरुआत और शादी में बाधा
मृतक वेदपाल का मथुरा की एक युवती के साथ लंबे समय से संबंध था. जब युवती के परिजनों ने उसकी शादी कहीं और तय की, तो वेदपाल ने वहां पहुंचकर हंगामा किया और धमकी दी. इसके कारण युवती की पहली तय की गई शादी टूट गई. इस घटना के बाद मथुरा के राया थाने में वेदपाल के खिलाफ मामला दर्ज किया गया और उसे 14 दिनों के लिए जेल भेज दिया गया था. यह भी पढ़े: UP Murder Case: बस्ती में दूसरी पत्नी की हत्या के आरोप में पति, उसकी पहली पत्नी और बेटी गिरफ्तार
अलीगढ़ में अस्पताल में घुसकर युवक की हत्या
जेल से छूटने के बाद भी नहीं रुका उत्पीड़न
जेल से बाहर आने के बाद भी वेदपाल ने युवती का पीछा नहीं छोड़ा. 3 फरवरी 2026 को युवती की शादी दूसरे व्यक्ति से हो गई, लेकिन वेदपाल लगातार फोन कॉल के जरिए उसे और उसके पति को प्रताड़ित करने लगा. इस संबंध में युवती के परिजनों ने 10 मार्च 2026 को महिला हेल्पलाइन 1090 और गोविंदपुर थाने में शिकायत भी दर्ज कराई थी.
अस्पताल के अंदर वारदात को दिया अंजाम
वेदपाल अपने हाथ के ऑपरेशन के लिए 16 मार्च को अलीगढ़ के रेणुका अस्पताल में भर्ती हुआ था. सोमवार रात करीब 10 बजे, युवती का चचेरा भाई भूपेंद्र चौधरी, जो पीएसी (PAC) में तैनात बताया जा रहा है, अपने एक साथी के साथ अस्पताल पहुंचा. उसने बेड पर लेटे वेदपाल पर बेहद करीब से गोली चला दी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए.
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
एसएसपी अलीगढ़ के अनुसार, पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए युवती के पिता (जो खुद पुलिस विभाग में सिपाही हैं) को गिरफ्तार कर लिया है. उन पर हत्या की साजिश रचने का आरोप है. हमलावर भूपेंद्र और उसके सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं. अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि फरार आरोपियों की सटीक लोकेशन का पता लगाया जा सके.