PoK में एयर स्ट्राइक के बाद Air India ने कई उड़ानें रद्द कीं, भारतीय एयरस्पेस में हाई अलर्ट घोषित
भारत ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत POK में 9 आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक कर जैश और लश्कर के अड्डों को तबाह किया. तीनों सेनाओं की इस संयुक्त कार्रवाई के बाद सुरक्षा अलर्ट के चलते एयर इंडिया ने कई उड़ानें रद्द कर दी हैं. अमृतसर की दो अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स को दिल्ली डायवर्ट किया गया है.
Air India Fight Cancellation: भारत ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले का करारा जवाब देते हुए पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (POK) में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत जोरदार एयर स्ट्राइक की है. भारतीय थल सेना, वायु सेना और नौसेना की संयुक्त कार्रवाई में जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा जैसे आतंकी संगठनों के 9 ठिकानों को पूरी तरह तबाह कर दिया गया.
सूत्रों के अनुसार, यह हमला बेहद सटीक और योजनाबद्ध था. भारतीय सेना ने उन सभी इलाकों को निशाना बनाया, जहां से आतंकियों को प्रशिक्षण और संसाधन मिल रहे थे. इस ऑपरेशन को गुप्त रूप से अंजाम दिया गया और इसके बाद भारतीय वायुसेना ने सुरक्षित वापसी की.
एयर इंडिया की उड़ानों पर असर
इस सैन्य कार्रवाई के बाद देश के विभिन्न एयरस्पेस में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है. सुरक्षा कारणों के चलते एयर इंडिया ने कई महत्वपूर्ण स्थानों के लिए अपनी उड़ानें रद्द कर दी हैं. एयरलाइन की ओर से जारी बयान के अनुसार, जम्मू, श्रीनगर, लेह, जोधपुर, अमृतसर, भुज, जामनगर, चंडीगढ़ और राजकोट के लिए आने-जाने वाली सभी उड़ानें 7 मई दोपहर 12 बजे तक रद्द कर दी गई हैं.
इसके अलावा, अमृतसर की ओर जा रही दो अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को दिल्ली डायवर्ट कर दिया गया है. एयर इंडिया ने यात्रियों से हुई असुविधा पर खेद जताया है और कहा है कि आगे की स्थिति के अनुसार नई जानकारी साझा की जाएगी.