Air India Delhi-Paris Flights Cancelled: पेरिस रूट पर एअर इंडिया की 2 उड़ानें रद्द, यात्रियों को मिला रिफंड का विकल्प
एअर इंडिया की दिल्ली-पेरिस और पेरिस-दिल्ली की दो अंतरराष्ट्रीय उड़ानें तकनीकी खराबी और पेरिस हवाई अड्डे पर रात की पाबंदियों के चलते रद्द हो गई हैं. यात्रियों को पूरा रिफंड या मुफ्त री-शेड्यूलिंग का विकल्प दिया गया है, साथ ही होटल में ठहरने की सुविधा भी मिली है.
Air India Delhi-Paris Flights Cancelled: एअर इंडिया के यात्रियों को फिर परेशानी का सामना करना पड़ा है. एअर इंडिया की दो अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गई हैं. इनमें 17 जून को दिल्ली से पेरिस जाने वाली फ्लाइट AI 143 और इसके चलते 18 जून 2025 को पेरिस से दिल्ली आने वाली फ्लाइट AI 142 शामिल हैं.
एअर इंडिया ने बताया कि यह फैसला तकनीकी खराबी के कारण लिया गया है. उड़ान से पहले होने वाली जांच में कुछ तकनीकी दिक्कत पाई गई, जिसे ठीक किया जा रहा है.
यात्रियों के लिए क्या इंतजाम किए गए हैं?
एअर इंडिया ने रद्द हुई उड़ानों के यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताया है और उनकी परेशानी कम करने के लिए कुछ इंतजाम किए हैं:
- जानकारी दी गई: सभी प्रभावित यात्रियों को इसकी सूचना दे दी गई है.
- वैकल्पिक व्यवस्था: यात्रियों को उनके गंतव्य (डेस्टिनेशन) तक पहुंचाने के लिए एअरलाइन वैकल्पिक इंतजाम कर रही है.
- होटल सुविधा: जिन यात्रियों को रात रुकना पड़ा, उनके लिए होटल में ठहरने की सुविधा भी दी गई है.
- रिफंड या री-शेड्यूलिंग: यात्री चाहें तो उन्हें टिकट का पूरा रिफंड मिलेगा या फिर वे अपनी उड़ान को बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के री-शेड्यूल करवा सकते हैं.
क्यों रद्द हुई उड़ान?
एअर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि उड़ान से पहले की अनिवार्य जांच के दौरान एक तकनीकी समस्या सामने आई. हालांकि, पेरिस के शार्ल्स डी गॉल (CDG) एअरपोर्ट पर रात के समय उड़ानों पर लगी पाबंदियों के चलते यह उड़ान रद्द करनी पड़ी.
एअर इंडिया ने भरोसा दिलाया है कि वे जल्द से जल्द इस तकनीकी समस्या को ठीक कर रहे हैं ताकि यात्रियों को आगे कोई दिक्कत न हो.
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 17, 2025 03:57 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

