एजेंसी न्यूज

COVID Spike: महाराष्ट्र, दिल्ली समेत इन 8 राज्यों से हैं कोरोना के 81.42 प्रतिशत नए मामले

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि आठ राज्यों में कोरोना वायरस के मामलों में तेज़ बढ़ोतरी हुई है और शनिवार को रिपोर्ट कुल मामलों में से 81.42 प्रतिशत नए मरीज इन्हीं प्रदेशों से हैं. मंत्रालय के मुताबिक, इन आठ राज्यों में, महाराष्ट्र, कर्नाटक, छत्तीसगढ़, दिल्ली, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, पंजाब और मध्य प्रदेश शामिल हैं.

COVID Spike: महाराष्ट्र, दिल्ली समेत इन 8 राज्यों से हैं कोरोना के  81.42 प्रतिशत नए मामले
प्रतिकात्मक तस्वीर (Photo Credits: Twitter)

नयी दिल्ली, 3 अप्रैल : केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय (Union Ministry of Health) ने बताया कि आठ राज्यों में कोरोना वायरस (Corona virus) के मामलों में तेज़ बढ़ोतरी हुई है और शनिवार को रिपोर्ट कुल मामलों में से 81.42 प्रतिशत नए मरीज इन्हीं प्रदेशों से हैं. मंत्रालय के मुताबिक, इन आठ राज्यों में, महाराष्ट्र, कर्नाटक, छत्तीसगढ़, दिल्ली, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, पंजाब और मध्य प्रदेश शामिल हैं. भारत में इलाजरत मामलों की संख्या बढ़कर 6,58,909 पहुंच गई है और यह कुल मामलों का 5.32 प्रतिशत है. एक दिन में 44,213 इलाजरत मामलों की बढ़ोतरी हुई है. देश में इलाजरत मरीजों का 50 फीसदी 10 जिलों--पुणे, मुंबई, नागपुर, ठाणे, नासिक, बेंगलुरु शहरी, औरंगाबाद, दिल्ली, अहमदाबाद और नांदेड़--में हैं. महाराष्ट्र में बीते दो महीनों में इलाजरत मरीजों की संख्या में नौ गुना की सबसे अधिक बढ़ोतरी हुई है. प्रतिशत के हिसाब से देखें तो, पंजाब में संक्रमण का इलाज करा रहे मरीजों की संख्या सबसे अधिक बढ़ी है. देश में कोरोना वायरस के संक्रमण का इलाज करा रहे 77.3 प्रतिशत पांच राज्यों-- महाराष्ट्र, कर्नाटक, छत्तीसगढ़, केरल और पंजाब--में हैं. सिर्फ महाराष्ट्र में ही देश के इलाजरत मामलों का 59.36 फीसदी है.

मंत्रालय के अनुसार, भारत में शनिवार को कोविड-19 के 89,129 नए मामले आए जो करीब साढ़े छह महीने में सर्वाधिक एकदिनी बढ़ोतरी है. इसके बाद देश में कुल मामले 1.23 करोड़ से अधिक हो गए हैं. देश में 714 और लोगों की मौत होने के बाद मृतक संख्या 1,64,110 पहुंच गई है. 21 अक्टूबर के बाद एक दिन में सबसे ज्यादा मौतें हुई हैं. महाराष्ट्र में एक दिन में सबसे ज्यादा 47,913 मामले आए हैं. इसके बाद कर्नाटक में 4,991 और छत्तीसगढ़ में 4,174 नए मरीजों की पुष्टि हुई है. मंत्रालय ने बताया कि महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, पंजाब, कर्नाटक, दिल्ली, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश, गुजरात, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और केरल समेत 12 राज्यों में रोजाना मामले बढ़ रहे हैं. कैबिनेट सचिव राजीव गौबा ने शुक्रवार को मुख्य सचिवों, पुलिस महानिदेशकों और सभी राज्यों के स्वास्थ्य सचिवों के साथ एक उच्च-स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की और उन 11 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों पर ध्यान केंद्रित किया जहां पिछले दो हफ्तों में कोविड-19 के मामले और मौतें तेज़ी से बढ़ी हैं. यह भी पढ़ें : Corona Update: भारत में एक दिन में कोविड-19 के 89,129 नए मामले, 714 लोगों की मौत

भारत में संक्रमण मुक्त होने वाले मरीजों की संख्या 1,15,69,241 हो गई है और एक दिन में 44,202 मरीजों के संक्रमण से मुक्त होने की पुष्टि हुई है. एक दिन में हुई 714 मौतों में से, छह राज्यों में 85.85 फीसदी मौतें हुई हैं. महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 481 लोगों की जान गई है जिसके बाद पंजाब में 57 लोगों की मौत हुई है. मंत्रालय के मुताबिक, 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में 24 घंटे में कोरोना वायरस की वजह से एक भी मौत नहीं हुई है. इनमें ओडिशा, असम, लद्दाख, दादरा और नगर हवेली और दमन और दीव, नगालैंड, मेघालय, मणिपुर, त्रिपुरा, सिक्किम, लक्षद्वीप, मिजोरम, अंडमान निकोबार द्वीप समूह और अरुणाचल प्रदेश शामिल हैं. कोविड-19 से निपटने में अहम टीकाकरण के तहत, कोविड रोधी टीके की 7.3 करोड़ से अधिक खुराकें लगाई जा चुकी हैं.

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 03, 2021 02:25 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).