एजेंसी न्यूज

Mizoram Bridge Collapse: मिजोरम में निर्माणाधीन रेलवे पुल ढहने से 17 लोगों की मौत, पीएम मोदी ने मुआवजे का किया ऐलान

मिजोरम के सैरांग इलाके के पास एक निर्माणाधीन रेलवे पुल के ढह जाने के कारण बुधवार को 17 मजदूरों की मौत हो गई. पुलिस ने यह जानकारी दी.

Mizoram Bridge Collapse: मिजोरम में निर्माणाधीन रेलवे पुल ढहने से 17 लोगों की मौत, पीएम मोदी ने मुआवजे का किया ऐलान
(Photo Credits: Twitter)

आइजोल, 23 अगस्त: मिजोरम के सैरांग इलाके के पास एक निर्माणाधीन रेलवे पुल के ढह जाने के कारण बुधवार को 17 मजदूरों की मौत हो गई. पुलिस ने यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर कई अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका है क्योंकि घटना के वक्त वहां 35-40 मजदूर मौजूद थे.

घटना आइजोल से करीब 21 किलोमीटर की दूरी पर सुबह लगभग 10 बजे हुई. पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘मलबे से अब तक 17 शव निकाले गए हैं... कई अन्य अब भी लापता हैं.’’

उन्होंने कहा कि बचाव एवं राहत प्रयास जारी हैं.

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की और मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की.

उन्होंने कहा, ‘‘मिजोरम में पुल हादसे से दुख हुआ. उन लोगों के प्रति संवेदना जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है. प्रार्थना करता हूं कि घायल शीघ्र स्वस्थ हों. बचाव अभियान जारी है और प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता दी जा रही है.’’

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से प्रत्येक मृतक के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी. घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे.’’

मिजोरम के मुख्यमंत्री ज़ोरमथांगा ने कहा कि वह घटना में लोगों की मौत पर गहरा दुख और बचाव अभियान में मदद करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हैं.

उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘आइजोल के निकट सैरांग में निर्माणाधीन रेलवे ओवर ब्रिज आज ढह गया. कम से कम 17 मजदूरों की मौत हुई. बचाव कार्य जारी है. इस त्रासदी से बहुत दुखी और प्रभावित हूं. मैं सभी शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं. बचाव कार्यों में मदद के लिए बड़ी संख्या में सामने आए लोगों के प्रति आभार व्यक्त करता हूं.’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 23, 2023 01:18 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).