बॉलीवुड

क्या वाकई 'लव जिहाद' को प्रमोट करती है फिल्म 'केदारनाथ'? मेकर्स ने दिया बड़ा बयान

सुशांत सिंह राजपूत और सारा अली खान की फिल्म 'केदारनाथ' को लेकर उत्तराखंड-चारधाम के संतों ने आपत्ति जताई थी

क्या वाकई 'लव जिहाद' को प्रमोट करती है फिल्म 'केदारनाथ'? मेकर्स ने दिया बड़ा बयान
सुशांत सिंह राजपूत और सारा अली खान (Photo Credits: Youtube)

सुशांत सिंह राजपूत और सारा अली खान की फिल्म 'केदारनाथ' का ट्रेलर आज मीडिया की मौजूदगी में रिलीज किया गया. इस फिल्म के साथ ही सारा अली खान बॉलीवुड में अपनी शुरुआत करने जा रही है. फिल्म में सुशांत सिंह राजपूत भी लीड रोल में नजर आएंगे. हाल ही में जब इस फिल्म का टीजर रिलीज किया गया तो इसे लेकर उत्तराखंड-चारधाम के संतों ने आपत्ति जताई. उनका आरोप है कि इस फिल्म के माध्यम से मेकर्स लव जिहाद का प्रचार कर रहे हैं. ऐसे में इस फिल्म पर पूरी तरह से बैन लगाया जाना चाहिए. पुजारियों का कहना है कि ये फिल्म हिन्दुओं की भावनाओं को आहत करती है और इसलिए इस फिल्म के खिलाफ वो अपना प्रदर्शन करेंगे.

आज मुंबई में ट्रेलर लॉन्च इवेंट पर सारा, सुशांत, फिल्म के निर्देशक अभिषेक कपूर और निर्माता रोनी स्क्रूवाला और कपूर मौजूद थी. इसी दौरान संतों द्वारा इस फिल्म को लेकर लगाए जा रहे आरोपों के बारे में मेकर्स से सवाल किया गया. तब रोनी स्क्रूवाला ने कहा, "अब तक किसी ने भी हमें अप्रोच नहीं किया है. हम सभी क्रिएटिव लोग हैं लेकिन उससे पहले हम सभी भारतीय हैं. मुझे लगता है कि इस फिल्म में ऐसा कुछ भी नहीं जिससे लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचे. मुझे ये नहीं समझ आता है कि कैसे किसी फिल्म के 60 सेकंड्स देखकर लोग अपनी राय बना लेते हैं?  मुझे विश्वास है कि लोगों को फिल्म देखनी चाहिए और उसके बाद ही इसे लेकर अपने कमेंट्स देने चाहिए."

ये भी पढ़ें: Kedarnath Trailer: सुशांत सिंह राजपूत और सारा अली खान की फिल्म का शानदार ट्रेलर हुआ रिलीज, देखें Video

आपको बता दें कि पुजारियों के चेयरमैन विनोद शुक्ला ने कहा, "इस फिल्म को लेकर विनोद शुक्ला ने कहा कि स्थानीय लोगों की शिकायत है कि मंदिर के आसपास के इलाकों में अभद्र सीन्स को शूट किया गया है जोकि बेहद गलत है."

इनके अलावा भारतीय जनता पार्टी के नेता अजेन्द्र अजय ने इंडिया टुडे से कहा था, "ऐसा लगता है कि ये फिल्म लव जिहाद को प्रमोट कर रही है. क्या इस फिल्म के लिए या उसके किरदार के लिए डायरेक्टर को हिंदू नाम नहीं मिला? साथ ही, एक ऐसा पवित्र स्थल जहां करोड़ों लोग पूजा करते हैं और उनकी आस्थाएं जुड़ी हुई है वहां आप किसिंग और रोमांटिक सीन शूट करोगे, ये तो हमारे धर्म के प्रति अपमान भरा व्यवहार ही है."

अभिषेक कपूर द्वारा निर्देशित ये फिल्म 7 दिसंबर, 2018 को रिलीज हो रही है.

(The above story first appeared on LatestLY on Nov 12, 2018 04:16 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).