श्रद्धा कपूर का देसी अंदाज और लावणी का जलवा, 'ईथा' के ट्रेलर ने जगाई फिल्म को लेकर उत्सुकता
मैडॉक फिल्म्स और कठपुतली क्रिएशन्स की बहुप्रतीक्षित म्यूजिकल ड्रामा फिल्म 'ईठा' (Eetha) का आधिकारिक ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है. सच्ची घटनाओं से प्रेरित इस फिल्म में अभिनेत्री श्रद्धा 'ईठा बाई' की मुख्य और प्रभावशाली भूमिका में नजर आ रही हैं.
By Team Latestly | Published: Oct 30, 2026 02:37 PM IST
बॉलीवुड में अपनी चुलबुली अदाओं और दमदार अभिनय के लिए पहचानी जाने वाली श्रद्धा कपूर अब एक ऐसी कहानी का हिस्सा बनने जा रही हैं, जिसमें चमक-दमक से ज्यादा जुनून, संघर्ष और आत्मसम्मान की अहमियत है. मैडॉक फिल्म्स और कठपुतली क्रिएशन्स ने अपनी फिल्म 'ईथा' का ट्रेलर जारी कर दिया है. ट्रेलर में श्रद्धा का ऐसा रूप देखने को मिलता है, जो उनके अब तक के कई लोकप्रिय किरदारों से बिल्कुल अलग है. महाराष्ट्र की पारंपरिक लावणी और तमाशा कला की पृष्ठभूमि पर बनी यह फिल्म एक ऐसी महिला की दुनिया दिखाती है, जिसके लिए मंच सिर्फ मनोरंजन का जरिया नहीं, बल्कि अपनी पहचान बनाने का रास्ता है.
ऐसा माना जा रहा है की श्रद्धा कपूर इस फिल्म में विठाबाई नारायणगांवकर से प्रेरित किरदार निभा रही हैं. 'स्त्री 2' की सफलता के बाद अभिनेत्री का यह बदलाव निश्चित रूप से दिलचस्प है। नौवारी साड़ी, पारंपरिक आभूषण, दमदार हाव-भाव और मंच पर बेखौफ अंदाज उनके किरदार को एक अलग व्यक्तित्व देते हैं. ट्रेलर में वह सिर्फ एक खूबसूरत कलाकार के रूप में नजर नहीं आतीं, बल्कि उनके किरदार में एक ऐसी महिला की झलक है, जो अपनी शर्तों पर जिंदगी जीना चाहती है. सामाजिक सोच और व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं के बीच चलने वाली यह जंग फिल्म की कहानी को दिलचस्प बनाती है.
'ईथा' की सबसे बड़ी खूबी यह है कि यह लोककला को केवल रंगीन गीतों और नृत्य तक सीमित नहीं रखती. लावणी की दुनिया में कलाकार की मेहनत, उसकी प्रतिष्ठा और समाज में उसकी जगह जैसे पहलुओं को भी कहानी का हिस्सा बनाया गया है। ट्रेलर में पारंपरिक मंच, दर्शकों की भीड़ और कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियां एक जीवंत माहौल तैयार करती हैं. यहां हर प्रस्तुति के पीछे एक कहानी और हर मुस्कान के पीछे संघर्ष छिपा नजर आता है.
फिल्म का एक संवाद, "यह सिर्फ कपड़ा नहीं, अभिमान है", इसकी सोच को खूबसूरती से सामने लाता है. नौवारी साड़ी के जरिए फिल्म अपनी सांस्कृतिक जड़ों और महिला के स्वाभिमान को जोड़ती है. श्रद्धा का पारंपरिक लुक भी इसी भावना को मजबूत करता है. फिल्म के सेट और कॉस्ट्यूम में उस दौर की बारीकियों को शामिल किया गया है, जिससे कहानी की दुनिया अधिक वास्तविक और प्रभावशाली महसूस होती है.
यहां देखें ‘ईठा’ का ऑफिशियल ट्रेलर
संगीत इस फिल्म का एक और बड़ा आकर्षण है. अजय-अतुल की जोड़ी ने फिल्म को संगीत दिया है, जबकि वैभवी मर्चेंट ने कोरियोग्राफी की है। ऐसे में लावणी की पारंपरिक ऊर्जा, शानदार डांस और यादगार संगीत का मेल देखने को मिलना तय है. ट्रेलर में रणदीप हुड्डा भी अपने खास लुक में नजर आते हैं. उनके साथ मोहम्मद जीशान अय्यूब, अनंत जोशी और सिद्धार्थ जाधव भी फिल्म की कहानी को आगे बढ़ाते दिखाई देंगे.
लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बनी 'ईथा' को दिनेश विजन, लक्ष्मण उतेकर और करिश्मा शर्मा ने प्रोड्यूस किया है. मैडॉक फिल्म्स और कठपुतली क्रिएशन्स के बैनर तले तैयार यह फिल्म 4 दिसंबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. 'ईथा' की खासियत सिर्फ इसका भव्य पीरियड सेटअप नहीं, बल्कि उस कलाकार की कहानी है जो अपनी कला के जरिए अपनी किस्मत लिखना चाहती है. श्रद्धा कपूर के इस नए अवतार को बड़े पर्दे पर देखना निश्चित रूप से दिलचस्प होगा.
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 30, 2026 02:34 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).