Dhurandhar 2 Box Office Day 1: रणवीर सिंह की फिल्म ने रचा इतिहास, पहले दिन 100 करोड़ का आंकड़ा पार करने वाली बनी पहली 'A' सर्टिफाइड फिल्म

रणवीर सिंह स्टारर जासूसी थ्रिलर 'धुरंधर: द रिवेंज' ने ओपनिंग डे पर भारतीय सिनेमा के सभी पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं. फिल्म ने भारत में 102 करोड़ रुपये और दुनिया भर में 236 करोड़ रुपये से अधिक की ऐतिहासिक कमाई के साथ शुरुआत की है.

Dhurandhar 2 Box Office Collection Day 1 (Photo Credit: Instagram)

Dhurandhar 2 Box Office Day 1: निर्देशक आदित्य धर (Aditya Dhar) की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' (Dhurandhar: The Revenge) (धुरंधर 2) ने बॉक्स ऑफिस पर सुनामी ला दी है. रणवीर सिंह (Ranveer Singh) अभिनीत इस स्पाई-थ्रिलर ने अपने पहले ही दिन इतिहास रचते हुए हिंदी सिनेमा की सबसे बड़ी ओपनिंग का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. गुरुवार, 19 मार्च 2026 को रिलीज हुई इस फिल्म ने दुनिया भर में अनुमानित 236.63 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है. इस विशाल शुरुआत के साथ ही फिल्म ने 'जवान' (Jawan) और 'एनिमल' (Animal) जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है. यह भी पढ़ें: 'Dhurandhar 2': रणवीर सिंह की फिल्म में होगा यामी गौतम का धमाका, अस्पताल के 'क्रिटिकल सीन' में निभाएंगी अहम भूमिका

घरेलू बाजार में 100 करोड़ का जादुई आंकड़ा

भारतीय बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का प्रदर्शन अभूतपूर्व रहा. ट्रेड ट्रैकर 'सैकनिल्क' के अनुसार, 'धुरंधर 2' ने भारत में पहले दिन 102.55 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया. यदि इसमें बुधवार के पेड प्रिव्यू से हुई 43 करोड़ रुपये की कमाई को भी जोड़ दिया जाए, तो फिल्म का कुल घरेलू नेट कलेक्शन 145.55 करोड़ रुपये तक पहुंच जाता है.

दिलचस्प बात यह है कि यह 100 करोड़ का आंकड़ा पार करने वाली भारत की पहली 'A' (केवल वयस्कों के लिए) सर्टिफाइड फिल्म बन गई है। फिल्म के हिंदी वर्जन ने अकेले 99.10 करोड़ रुपये का योगदान दिया, जबकि तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ डब वर्जन ने भी अच्छा प्रदर्शन किया.

ग्लोबल बॉक्स ऑफिस पर 'धुरंधर 2' का दबदबा

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी फिल्म का जादू सिर चढ़कर बोल रहा है. उत्तर अमेरिका जैसे प्रमुख विदेशी बाजारों में फिल्म ने प्रिव्यू के जरिए ही 2 मिलियन डॉलर की रिकॉर्ड कमाई की थी. पहले दिन के वैश्विक ग्रॉस कलेक्शन (236.63 करोड़ रुपये) के मामले में यह 'पुष्पा 2: द रूल' के बाद दूसरी सबसे बड़ी भारतीय ओपनर बन गई है.

ट्रेड विश्लेषकों का मानना है कि फिल्म को 8,000 से अधिक स्क्रीन्स पर रिलीज करने और आक्रामक मार्केटिंग कैंपेन का जबरदस्त फायदा मिला है. जिस तरह से शो हाउसफुल जा रहे हैं, उम्मीद है कि यह फिल्म अपने पहले वीकेंड तक 400 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लेगी. यह भी पढ़ें: अक्षय कुमार की 'भूत बंगला' का ट्रेलर रणवीर सिंह की 'धुरंधर 2' के साथ होगा रिलीज? जानें क्या है फिल्म की नई अपडेट

'धुरंधर: द रिवेंज' के बारे में

यह फिल्म साल 2025 की ब्लॉकबस्टर 'धुरंधर' की अगली कड़ी है, जिसने दुनिया भर में 1,300 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की थी. फिल्म में रणवीर सिंह 'जसकीरत सिंह रंगी' के किरदार में अंतरराष्ट्रीय अपराध नेटवर्क को ध्वस्त करते नजर आ रहे हैं.

फिल्म में संजय दत्त, आर माधवन, अर्जुन रामपाल और अक्षय खन्ना जैसे दिग्गज कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं. लगभग चार घंटे की लंबी अवधि के बावजूद, उच्च स्तर के एक्शन और मनोवैज्ञानिक गहराई के कारण फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है.

Share Now

\