देश की खबरें | पूर्व मंत्री की हत्या मामले में वाईएसआरसी सांसद ने अग्रिम जमानत याचिका दायर की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आंध्र प्रदेश से वाईएसआर कांग्रेस के लोकसभा सदस्य वाई.एस. अविनाश रेड्डी ने पूर्व मंत्री वाई.एस. विवेकानंद रेड्डी की हत्या के मामले में यहां सीबीआई के समक्ष पेश होने से पहले सोमवार को तेलंगाना उच्च न्यायालय में अग्रिम जमानत याचिका दायर की।

हैदराबाद, 17 अप्रैल आंध्र प्रदेश से वाईएसआर कांग्रेस के लोकसभा सदस्य वाई.एस. अविनाश रेड्डी ने पूर्व मंत्री वाई.एस. विवेकानंद रेड्डी की हत्या के मामले में यहां सीबीआई के समक्ष पेश होने से पहले सोमवार को तेलंगाना उच्च न्यायालय में अग्रिम जमानत याचिका दायर की।

अदालत ने हालांकि अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई 18 अप्रैल तक के लिये टाल दी।

याचिकाकर्ता के पिता और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई एस जगन मोहन रेड्डी के चाचा वाई.एस. भास्कर रेड्डी को हत्या के सिलसिले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने 16 अप्रैल को गिरफ्तार किया था।

मामले की जांच कर रही सीबीआई ने कडप्पा सांसद को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए सोमवार को पेश होने को कहा था।

अविनाश रेड्डी के वकील ने तर्क दिया कि उनके मुवक्किल को मामले से जोड़ने के लिए कोई सामग्री नहीं थी, सिवाय एक आरोपी के बयान के।

अविनाश रेड्डी और सीबीआई के वकीलों को सुनने के बाद, उच्च न्यायालय ने मामले को मंगलवार तक के लिए स्थगित कर दिया।

एजेंसी अब मंगलवार को अविनाश रेड्डी से पूछताछ कर सकती है।

आंध्र प्रदेश के दिवंगत मुख्यमंत्री वाई.एस. राजशेखर रेड्डी के छोटे भाई विवेकानंद रेड्डी आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव से कुछ हफ्ते पहले पुलिवेंदुला स्थित अपने आवास पर 15 मार्च 2019 को मृत पाए गए थे।

शुरू में राज्य अपराध जांच विभाग के एक विशेष जांच दल (एसआईटी) ने इस मामले की जांच की थी, लेकिन जुलाई 2020 में यह मामला केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंप दिया गया था।

सीबीआई ने 26 अक्टूबर 2021 को विवेकानंद की हत्या के मामले में आरोपपत्र दाखिल किया था। जांच एजेंसी ने 31 जनवरी 2022 को मामले में एक पूरक आरोपपत्र दाखिल किया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now