देश की खबरें | साक्षात्कार के लिए संभल के पुलिस क्षेत्राधिकारी को धमकाने के आरोप में यूट्यूबर गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. संभल में पुलिस के एक क्षेत्राधिकारी को साक्षात्कार देने के लिए कथित तौर पर धमकाने के बाद सार्वजनिक शांति भंग करने के आरोप में एक यूट्यूबर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

संभल (उप्र), 24 दिसंबर संभल में पुलिस के एक क्षेत्राधिकारी को साक्षात्कार देने के लिए कथित तौर पर धमकाने के बाद सार्वजनिक शांति भंग करने के आरोप में एक यूट्यूबर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार यूट्यूबर मशकूर रजा दादा ने कथित तौर पर स्थानीय क्षेत्राधिकारी (सीओ) अनुज कुमार चौधरी का साक्षात्कार लेने के नाम पर उन पर दबाव बनाने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) प्रशांत कुमार के नाम का इस्तेमाल किया।

मशकूर रजा संभल में 24 नवंबर को हुई हिंसा को लेकर चौधरी का साक्षात्कार लेना चाहता था।

यूट्यूबर ने गिरफ्तार किए जाने से पहले सोमवार को संवाददाताओं से कहा कि उसका ट्रांसपोर्ट का भी व्यवसाय है और उसने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का कार्यकर्ता होने का भी दावा किया।

मशकूर रजा ने कहा, ‘‘मेरा यूट्यूब चैनल है और ट्रांसपोर्ट का कारोबार है। मैं प्रसिद्धि पाने के लिए संभल के पुलिस क्षेत्राधिकारी का साक्षात्कार लेना चाहता था। मना करने के बावजूद मैंने उन्हें कई बार फोन किया। अगर साक्षात्कार हो जाता तो मैं पूरे भारत में मशहूर हो जाता।’’

उसने कहा, ‘‘मैंने सीओ से यहां तक कहा कि मैं मुख्यमंत्री, पुलिस महानिदेशक या पुलिस अधीक्षक से बात करके उन्हें राजी करवा सकता हूं।’’

संभल कोतवाली पुलिस के अनुसार, ‘‘मशकूर रजा दादा पर शांति भंग करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। वह सीओ पर साक्षात्कार के लिए दबाव बना रहा था और मना करने पर उनको धमका रहा था। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\