देश की खबरें | कृषि कानूनों के विरोध में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने इंडिया गेट पर ट्रैक्टर में आग लगाई
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, 28 सितम्बर भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कृषि संबंधी कानूनों के विरोध में सोमवार सुबह इंडिया गेट पर एक ट्रैक्टर को आग के हवाले कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, खुद के पंजाब युवा कांग्रेस का सदस्य होने का दावा करने वाले पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है।

यह भी पढ़े | Unlock 5.0: जल्द हो सकती है अनलॉक 5.0 की घोषणा, मिल सकती हैं ये छूट, सिनेमा हॉल-टूरिज्म पर सबकी नजर.

पुलिस का कहना है कि करीब 15-20 लोग राजपथ, मान सिंह क्रॉसिंग पर एक ट्रैक्टर को ट्रक में लादकर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने ट्रैक्टर को नीचे उतारकर उसमें आग लगा दी।

अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, उन्हें सुबह सात बजकर 42 मिनट पर घटना की जानकारी मिली और दमकल की दो गाड़ियों को तुरन्त मौके पर भेजा गया।

यह भी पढ़े | Bihar Assembly Elections 2020: बिहार की राजनीति में लौटा ‘भाभीजी’ का ग्लैमर, RJD में शामिल हुई लवली आनंद, कभी जनसभाओं में उमड़ती भीड़ से दिग्गजों को दे चुकी हैं टेंशन.

उन्होंने कहा कि आग बुझा दी गई और ट्रैक्टर वहां से हटा दिया गया है।

भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी राहुल राव ने कहा कि संगठन की पंजाब इकाई के कार्यकर्ताओं ने कृषि संबंधी कानूनों के विरोध में ट्रैक्टर को आग लगाई।

युवा कांग्रेस ने ट्वीट किया, ‘‘शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती पर आज पंजाब युवा कांग्रेस ने गूंगी-बहरी सरकार को जगाने के लिए इंडिया गेट पर किसानों के साथ ट्रैक्टर आग के हवाले किया और प्रदर्शन किया।

पुलिस उपायुक्त (नयी दिल्ली) ईश सिंघल ने बताया कि पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है और एक इनोवा कार को भी पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है।

पुलिस के मुताबिक, जिन लोगों को हिरासत में लिया गया है उनकी पहचान मनजोत सिंह (36), रमनदीप सिंह (28), राहुल (23), साहिब (28) और सुमित (28) के तौर पर हुई है। ये सभी पंजाब के निवासी हैं।

इस घटना को लेकर भाजपा की दिल्ली इकाई के मीडिया संपर्क प्रमुख नीलकांत बक्शी ने कहा कि ‘अफवाह फैलाकर हिंसा भड़काने की इस खतरनाक साजिश’ को लेकर वह प्राथमिकी दर्ज कराएंगे।

हक

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)