देश की खबरें | कानपुर में महिला को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में युवक गिरफ्तार, धर्मांतरण के लिए डाल रहा था दबाव : पुलिस
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जिले के हरबंशमोहाल इलाके में एक युवती को कथित तौर पर आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में 24 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
कानपुर (उप्र), 15 अप्रैल जिले के हरबंशमोहाल इलाके में एक युवती को कथित तौर पर आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में 24 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि युवती ने कथित तौर पर धर्मांतरण कर शादी करने से मना कर दिया था, जिसके बाद युवक ने बदनाम करने की धमकी दी थी।
पुलिस के मुताबिक पीड़ित महिला, आरोपी शाहरुख (24) के साथ रिश्ते में थी। आरोप है कि शाहरूख ने उससे कहा था कि या तो वह धार्मांतरण करके उससे शादी कर ले, वरना वह उसे ‘बदनाम’ कर देगा और अपमान से बचना है तो वह आत्महत्या कर ले।
सहायक पुलिस आयुक्त (कलेक्टरगंज) तेज बहादुर सिंह ने बताया इससे परेशान होकर युवती ने बुधवार को यहां अपने घर में छत से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
एसीपी ने कहा कि महिला कुछ साल पहले एक सोशल नेटवर्किंग साइट के जरिए आरोपी व्यक्ति के संपर्क में आयी थी और युवक ने खुद की पहचान सौरभ के रूप में दी थी।
एसीपी ने कहा कि शुक्रवार को दर्ज प्राथमिकी में मृतका के पिता ने शाहरुख पर अपनी बेटी को प्रताड़ित करने और इस्लामिक रीति-रिवाजों से शादी करने के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। पिता का दावा था कि शाहरुख के पास उनकी बेटी के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो हैं, जिसके जरिए वह उस पर शादी करने का दबाव बना रहा था। वह उसे इस्लाम कबूल कराने पर उतारू था।
सिंह ने बताया कि शाहरुख के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा- 306 (आत्महत्या के लिए उकसाने) और उत्तर प्रदेश गैरकानूनी धर्मांतरण निषेध अधिनियम-2021 की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की।
एसीपी ने बताया कि मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने शाहरुख के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की और शुक्रवार को हरबंश-मोहाल के भूसाटोली से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
उन्होंने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश किया गया जहां से विधिक कार्यवाही के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 15, 2023 04:04 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

