योगी की श्रमिकों से अपील : लॉकडाउन के नियमों का करें पालन
योगी ने कहा कि प्रदेश के कोरोना से अप्रभावित क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियां प्रारम्भ कर दी गयी हैं किन्तु स्थिति के सामान्य होने में अभी कुछ समय लगेगा। उन्होंने कामगारों और श्रमिकों से इस स्थिति में धैर्य रखते हुए लॉकडाउन और सामाजिक दूरी के नियमों का पालन करने की अपील की।
लखनऊ, एक मई उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कामगारों और श्रमिकों से अपील की कि वे लॉकडाउन और सामाजिक दूरी के नियमों का पालन करें ।
योगी ने कहा कि प्रदेश के कोरोना से अप्रभावित क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियां प्रारम्भ कर दी गयी हैं किन्तु स्थिति के सामान्य होने में अभी कुछ समय लगेगा। उन्होंने कामगारों और श्रमिकों से इस स्थिति में धैर्य रखते हुए लॉकडाउन और सामाजिक दूरी के नियमों का पालन करने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में पूरी दुनिया वैश्विक महामारी के संकट से गुजर रही है। इसका कोई उपचार अभी तक नहीं आया है। सामाजिक दूरी बनाए रखना और लॉकडाउन ही बचाव का रास्ता है।
उन्होंने कहा कि सामाजिक दूरी और लॉकडाउन का सर्वाधिक असर श्रमिकों पर पड़ा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देशवासियों से बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य के दृष्टिगत समयबद्ध ढंग से कदम उठाये गये हैं। गरीबों, किसानों, मजदूरों, महिलाओं, युवाओं आदि के लिए प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना बिना भेदभाव के पूरे देश में लागू की जा रही है।
योगी ने मई दिवस के अवसर पर कामगारों और श्रमिकों को बधाई देते हुए कहा कि दुनिया के नवनिर्माण में कामगारों और श्रमिकों के योगदान को सदैव याद रखा जाएगा।
योगी मई दिवस के अवसर अपने सरकारी आवास पर वीडियो कांन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के श्रमिकों से संवाद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केन्द्र व प्रदेश सरकार कामगारों और श्रमिकों के हितों के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। लगभग 30 लाख श्रमिकों जिन्हें 1000 रुपये की पहली किस्त प्राप्त हो गयी है, उन्हें आज से दूसरी किस्त भेजने का काम प्रारम्भ किया जा रहा है।
योगी ने कहा कि कोविड-19 के उपचार के लिए राज्य सरकार ने एल-1, एल-2 तथा एल-3 अस्पतालों की स्थापना की है। इन अस्पतालों में 52 हजार बेड की व्यवस्था की गयी है। एक माह में इसे चरणबद्ध ढंग से बढ़ाकर एक लाख बेड तक किया जाएगा।
वीडियो कांन्फ्रेंसिंग के दौरान श्रम एवं सेवायोजन मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि मई दिवस पूरे विश्व में अन्तर्राष्ट्रीय श्रम दिवस के रूप में मनाया जाता है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार श्रमिकों के जीवन स्तर को ऊपर उठाने के लिए कार्य कर रही है। श्रमिकों को राष्ट्र निर्माता बताते हुए उन्होंने देश व प्रदेश के श्रमिकों को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में बाबा साहब भीम राव आंबेडकर के सपनों व पंडित दीन दयाल उपाध्याय के अन्त्योदय के सिद्धान्तों को साकार किया जा रहा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 01, 2020 10:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

