देश की खबरें | योगी पहुंचे दिल्ली, शाह और नड्डा से चुनावी रणनीति पर की चर्चा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की रणनीति को लेकर बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शीर्ष नेताओं की एक अहम बैठक हुई जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल हुए।
नयी दिल्ली, 19 अगस्त आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की रणनीति को लेकर बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शीर्ष नेताओं की एक अहम बैठक हुई जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल हुए।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक लगभग दो घंटे तक चली बैठक में इन नेताओं के अलावा उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और संगठन महामंत्री सुनील बंसल भी उपस्थित थे। यह बैठक शाह के आधिकारिक आवास पर हुई।
बैठक में क्या चर्चा हुई इस बारे में औपचारिक तौर पर कुछ नहीं बताया गया लेकिन सूत्रों की मानें तो बैठक में चुनावी रणनीति की रूपरेखा को लेकर चर्चा हुई। साथ ही उत्तर प्रदेश विधान परिषद में खाली चार सीटों पर उम्मीदवारों के बारे में भी चर्चा की गई।
इससे पहले, जून महीने के मध्य में योगी ने दिल्ली का दौरा किया था। उस दौरान उन्होंने भाजपा के शीर्ष नेताओं के अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात की थी।
मुख्यमंत्री का दिल्ली दौरा ऐसे समय में हुआ है जब उत्तर प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र निर्धारित समय से पहले ही अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया गया। इससे पहले विधानसभा में 2021-22 के लिए 7301.52 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट ध्वनिमत से पारित हुआ।
ज्ञात हो कि भाजपा उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर जोरशोर से जुट गई है। केंद्रीय मंत्रिपरिषद में उत्तर प्रदेश से शामिल सदस्यों ने 16 अगस्त से विभिन्न क्षेत्रों में जन आशीर्वाद यात्रा निकाली है।
ब्रजेन्द्र
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)