देश की खबरें | योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ यात्रा मार्ग का हवाई सर्वेक्षण किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ यात्रा मार्ग का सोमवार को हवाई सर्वेक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
लखनऊ / बिजनौर (उप्र), सात जुलाई उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ यात्रा मार्ग का सोमवार को हवाई सर्वेक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
एक प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक राजकीय विमान से लखनऊ से गाजियाबाद स्थित हिंडन हवाईअड्डा पहुंचे जहां से उन्होंने कांवड़ यात्रा मार्ग का हवाई सर्वेक्षण किया और कांवड़ यात्रा के लिए की गई तैयारियों की समीक्षा की
उन्होंने निरीक्षण के दौरान निर्बाध व्यवस्थाओं, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और उनकी धार्मिक भावनाओं का पूर्ण आदर सुनिश्चित करने का अधिकारियों को निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने यात्रा की पवित्रता बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए यह सुनिश्चित करने को कहा कि लाखों श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह में कोई व्यवधान उत्पन्न ना हो।
उन्होंने खाद्य वस्तुओं को दूषित करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाने का अधिकारियों को निर्देश दिया ताकि कांवड़ यात्रा की पवित्रता से कोई समझौता ना हो।
मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने स्पष्ट रूपसे कहा कि यात्रा के दौरान किसी भी तरह का व्यवधान पैदा करने वाले किसी भी व्यक्ति को छोड़ा नहीं जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पूरे समय यात्रा का वातावरण शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित होना चाहिए।
श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने अधिकारियों को यात्रा मार्ग पर टेंट, खाद्य सामग्री और अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए व्यापक व्यवस्था सुनिश्चित करने का अधिकारियों को निर्देश दिया।
साथ ही योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ पथ पर उच्चतम मानकों पर साफ सफाई, बिजली और प्रकाश की व्यवस्था के साथ ही विश्राम स्थल और स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।
कांवड़ यात्रा एक वार्षिक तीर्थयात्रा है जिसमें शिव भक्त गंगा जल लेकर सावन के पवित्र महीने में भगवान शिव का जलाभिषेक करने पैदल जाते हैं।
हवाई सर्वेक्षण के बाद मुख्यमंत्री आदित्यनाथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश संगठन महामंत्री धरमपाल सिंह की मां भगवती देवी के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित करने बिजनौर के नगीना क्षेत्र में हुर नांगला गांव पहुंचे। भगवती देवी का शनिवार रात निधन हो गया था। वह 95 वर्ष की थीं।
मुख्यमंत्री शोक संतप्त परिवार से मिले और उन्हें सांत्वना दी और दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। इससे पूर्व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी के साथ उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक गंगा बैराज घाट पर भगवती देवी की अंत्येष्ट में शामिल हुए थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 07, 2025 11:10 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

