देश की खबरें | ओमप्रकाश चौटाला के निधन पर योगी आदित्यनाथ समेत अन्य नेताओं ने शोक जताया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के अध्यक्ष और पांच बार हरियाणा के मुख्यमंत्री रहे ओम प्रकाश चौटाला के निधन पर शुक्रवार को उत्‍तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत अन्य नेताओं ने शोक प्रकट किया।

लखनऊ, 20 दिसंबर इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के अध्यक्ष और पांच बार हरियाणा के मुख्यमंत्री रहे ओम प्रकाश चौटाला के निधन पर शुक्रवार को उत्‍तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत अन्य नेताओं ने शोक प्रकट किया।

इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के अध्यक्ष और हरियाणा के मुख्यमंत्री रहे ओम प्रकाश चौटाला का शुक्रवार को 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया।

चौटाला के निधन पर उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री आदित्‍यनाथ ने 'एक्‍स' पर अपने शोक संदेश में कहा, ‘‘हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला जी का निधन अत्यंत दुःखद है। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि!’’

योगी ने कहा, ‘‘प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिजनों व उनके शोक संतप्त समर्थकों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।’’

समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष और उप्र के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने 'एक्‍स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला जी के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। परमात्मा दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। भावभीनी श्रद्धांजलि।’’

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष और उप्र की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने ‘एक्‍स’ पर कहा, ‘‘हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला के निधन की ख़बर अति-दुखद है। उनके परिवार के लोगों व अन्य सभी समर्थकों आदि के प्रति मेरी गहरी संवेदना। कुदरत उन सबको इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।’’

कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्‍यक्ष अजय राय ने भी चौटाला के निधन पर शोक जताया। उन्होंने 'एक्‍स' पर अपने शोक संदेश में कहा कि ''हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला जी के निधन का समाचार दुखद है। दुख की इस घड़ी में हम उनके परिवार व समर्थकों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हैं और दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हैं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\