एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | सरकार को लोगों के मुद्दों पर जवाबदेह ठहराएगी यात्रा : कांग्रेस

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस ने रविवार को कहा कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ लोगों के मुद्दों को उठाने के अपने उद्देश्य की प्राप्ति में कामयाब रही है और आगे चलकर यह सुनिश्चित करेगी कि सरकार को जवाबदेह ठहराया जाए।

देश की खबरें | सरकार को लोगों के मुद्दों पर जवाबदेह ठहराएगी यात्रा : कांग्रेस

नयी दिल्ली, 13 नवंबर कांग्रेस ने रविवार को कहा कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ लोगों के मुद्दों को उठाने के अपने उद्देश्य की प्राप्ति में कामयाब रही है और आगे चलकर यह सुनिश्चित करेगी कि सरकार को जवाबदेह ठहराया जाए।

विपक्षी दल ने यह भी कहा कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की छवि खराब करने के लिए फैलाये गये ‘असत्य’ को (भारत जोड़ो) यात्रा द्वारा ‘ध्वस्त’ कर दिया गया है और उनकी ‘वास्तविकता’ देश के सामने आ गई है।

कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने यहां पार्टी मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि यात्रा उम्मीद से ज्यादा सफल रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘जब यह शुरू हुआ, तो इस बारे में बहुत सारे सवाल (उठे) थे कि लोग आएंगे या नहीं या हम हर दिन 25 किमी. की दूरी तय कर पाएंगे या नहीं। पिछले 60 दिन एक झटके में बीत चुके हैं।’’

कुमार ने कहा, ‘‘यात्री शारीरिक दर्द भूल गये हैं। यात्रा ने अपना पहला उद्देश्य हासिल कर लिया है। यात्री इस यात्रा में सहज हो गए हैं, यात्रा देश के साथ सहज हो गई है और देश यात्रा के साथ सहज हो गया है।’’

कुमार पूर्व पार्टी अध्यक्ष के साथ चलने वाले उन पदयात्रियों में से एक हैं जो कन्याकुमारी से कश्मीर तक साथ रहेंगे।

उन्होंने कहा कि यात्रा ने अपना पहला उद्देश्य हासिल कर लिया है और लोग जानते हैं कि यह उनके मुद्दों को उजागर करने के लिए की जा रही है।

यह पूछे जाने पर कि क्या यात्रा के कारण राहुल गांधी की छवि में कोई बदलाव आया है, कुमार ने कहा, ‘‘राहुल गांधी के बारे में बहुत कुछ कहा गया है। रिपोर्टर पूछते हैं कि क्या उनकी छवि में सुधार होगा, मैं कहूंगा कि देश के लोग उन्हें सही मायने में जानेंगे।’’

कुमार ने कहा, ‘‘राहुल गांधी के बारे में जो कुछ कहा गया था कि वह गंभीर नहीं हैं, वह विदेश चले जाएंगे, चल नहीं पाएंगे, छुट्टी पर चले जाएंगे, कंटेनर में नहीं रह पाएंगे, यह सब खत्म हो गया है। उनकी छवि खराब करने के लिए करोड़ों रूपये खर्च किये गये, लेकिन सिर्फ सड़क पर चलने से वास्तविकता स्पष्ट हो चुकी है।’’

कुमार ने कहा कि मूल्य वृद्धि और बेरोजगारी दो प्रमुख आम मुद्दे हैं जो यात्रा के दौरान लोगों की प्रतिक्रिया में सामने आए।

उन्होंने कहा कि संघवाद के संरक्षण का मुद्दा दक्षिणी राज्यों में भी उठाया गया था और भावना यह थी कि केंद्र न्याय नहीं कर रहा है।

कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस टिप्पणी को लेकर भी उन पर निशाना साधा कि उन्हें हर दिन ‘2-3 किलोग्राम’ गालियां मिलती हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि नफरत फैलाने वाले भी ‘विक्टिम कार्ड’ खेल रहे हैं।

कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ ने रविवार को महाराष्ट्र में एक दिन का अवकाश लिया और यह सोमवार को हिंगोली जिले के कलामनुरी से वाशिम तक चलेगी।

गांधी ने महाराष्ट्र में यात्रा के छठे दिन शनिवार की रात कलामनुरी में एक जनसभा को संबोधित किया था और कहा था कि पैदल मार्च का संदेश है कि भारत को विभाजित नहीं किया जा सकता और नफरत को फैलने नहीं दिया जाएगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Nov 13, 2022 06:26 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).