एजेंसी न्यूज

खेल की खबरें | भारत और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इस लय को जारी रखना चाहेंगे: लैथम

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. अफगानिस्तान के खिलाफ आईसीसी विश्व कप मैच में बुधवार को यहां 149 रन की प्रभावशाली जीत दर्ज करने के बाद न्यूजीलैंड के कार्यवाहक कप्तान टॉम लैथम ने कहा कि शुरुआती चार मैचों में जीत से मिली लय को उनकी टीम भारत और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी मुकाबलों में जारी रखना चाहेगी।

खेल की खबरें | भारत और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इस लय को जारी रखना चाहेंगे: लैथम

चेन्नई, 18 अक्टूबर अफगानिस्तान के खिलाफ आईसीसी विश्व कप मैच में बुधवार को यहां 149 रन की प्रभावशाली जीत दर्ज करने के बाद न्यूजीलैंड के कार्यवाहक कप्तान टॉम लैथम ने कहा कि शुरुआती चार मैचों में जीत से मिली लय को उनकी टीम भारत और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी मुकाबलों में जारी रखना चाहेगी।

नियमित कप्तान केन विलियमसन के चोटिल होने के कारण लैथम टीम की अगुवाई कर रहे है। उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ मैच बाद कहा, ‘‘ कुछ अच्छे प्रदर्शन से हम सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। हमारे पास एक सप्ताह का समय है और फिर भारत तथा ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेंगे। हमें इस लय के जारी रहने की उम्मीद है।’’

न्यूजीलैंड ने लैथम (74 गेंद में 68 रन) और युवा बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स (80 गेंद में 71 रन) के बीच चौथे विकेट के लिए 144 रन की साझेदारी के दम पर छह विकेट पर 288 रन बनाने के बाद अफगानिस्तान को 34.4 ओवर में 139 रन पर समेट दिया। मिशेल सैंटनर और लॉकी फर्ग्यूसन ने तीन-तीन जबकि ट्रेंट बोल्ट ने दो विकेट लिये।

लैथम ने कहा कि अफगानिस्तान ने कई बार उनकी टीम पर दबाव बनाया लेकिन उनकी टीम इससे निपटने में सफल रही।

लैथम ने कहा, ‘‘ हमने शानदार शुरुआत की। यह कमाल का प्रदर्शन था। हमें कई बार दबाव में डाला गया लेकिन पारी के आखिर में हम प्रतिद्वंद्वी टीम पर दबाव बनाने में कामयाब रहे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ कम अंतराल (एक रन के अंदर) में तीन विकेट गंवाने के बाद हम अच्छी साझेदारी करने में सफल रहे। हमारी कोशिश पारी के आखिर तक खेलने की थी। हमें कुछ मौके मिले और हमने उन मौकों का फायदा उठाया। फिलिप्स ने शानदार बल्लेबाजी की, उसने मुझ पर दबाव नहीं आने दिया।’’

मैन ऑफ द मैच फिलिप्स ने कहा कि अफगानिस्तान के स्पिनर कड़ी चुनौती पेश कर रहे थे लेकिन क्रीज पर समय बिताने के बाद चीजें सहज हो गयी।

उन्होंने कहा, ‘‘ अफगानिस्तान के स्पिनर प्रतिभाशाली और बेहतरीन हैं। शुरुआत में विकेट गंवाने के बाद मैं और टॉम (लैथम) पिच पर समय बिताना चाहते थे। इस पिच पर ऐसी बल्लेबाजी करना और समय बिताना महत्वपूर्ण था। हम पारी को आखिरी ओवरों तक ले जाने में सफल रहे।’’

अफगानिस्तान की टीम ने गेंदबाजी के दौरान कई आसान कैच टपकाये जिससे न्यूजीलैंड को बड़ा स्कोर खड़ा करने का मौका मिला। अफगानिस्तान के कप्तान हशमतुल्लाह शहीदी ने कहा, ‘‘ हां , यह बहुत निराशाजनक है क्योंकि इस स्तर पर आपको ऐसे कैच पकड़ने चाहिये। उन छूटे कैचों ने इस मैच पर काफी प्रभाव डाला वर्ना हम अच्छी स्थिति में थे।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Oct 18, 2023 09:54 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).